
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके (Photo: IANS)
Abhijeet Dipke on BJP: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को विदेश से फंडिंग मिलने के आरोपों के बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। दीपके ने कहा कि यदि सीजेपी को सच में विदेशी फंडिंग मिल रही है, तो इसकी जिम्मेदारी देश के गृह मंत्री की बनती है, यह उनकी नाकामी है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन्हें पार्टी में शामिल करने के लिए धमका रही है, लेकिन वह कभी भी भाजपा में नहीं जाएंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली के जंतर-मंतर पर 37 दिनों तक चले लंबे आंदोलन के बाद अपने गृह नगर छत्रपति संभाजीनगर लौट आए हैं। इस दौरान आज मीडिया से बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, "अगर CJP को विदेश से फंडिंग मिल रही है, तो अमित शाह गृह मंत्री रहते हुए यह कैसे संभव हो गया? अगर ऐसा है तो यह गृह मंत्रालय की विफलता है। फिर आप 'चाणक्य' कैसे हुए?"
दीपके ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यदि सरकार के दावों के मुताबिक उनकी पार्टी बाहर से संचालित हो रही है, तो यह देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने कहा, "अगर आपके रहते विदेश से फंडिंग आ रही है तो इसका मतलब आप अपने काम में असफल रहे हैं। ऐसी स्थिति में गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए।"
अभिजीत दीपके ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई कथित फायरिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर जिस तरह से पुलिस ने बल प्रयोग किया, पैलेट गन चलाई, इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री जिम्मेदार हैं और उन्हें इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
इस दौरान अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए कई बार प्रस्ताव मिले, लेकिन उन्होंने हर बार इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया, "मुझे लगातार कहा जा रहा है कि भाजपा में आ जाओ, तुम्हारे लिए अच्छा रहेगा। लेकिन चाहे कितनी भी बार ऑफर मिले, मैं भाजपा में शामिल नहीं होऊंगा।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें इसके लिए धमकियां दी जा रही हैं। उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कही जा रही है।
अभिजीत दीपके ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जबकि यही युवा भविष्य में देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा, "Gen Z को ट्रोल करके कुछ हासिल नहीं होगा। यही युवा कल देश चलाएंगे। ये सभी सामान्य परिवारों से आते हैं। वो मतदान करेंगे, सरकार चुनेंगे।"
उधर, भाजपा के प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने अभिजीत दीपके के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी को भाजपा में शामिल होने के लिए धमकी देने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह झूठ है कि भाजपा में शामिल होने के लिए किसी को धमकियां दी गईं। किसी आंदोलन का चेहरा बन जाने का मतलब यह नहीं कि कोई भी मनगढ़ंत आरोप लगाए। उसे अपने आरोप साबित करने के लिए सबूत भी देना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि यदि लोकप्रियता हासिल करने के लिए भाजपा पर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, तो जनता उन्हें स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने आगे कहा, यदि आपको देश में पहचान मिल गई है, तो इसका इस्तेमाल कर भाजपा पर बिना वजह हमला करना जनता स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा में शामिल होने के लिए किसी को धमकी देने या किसी प्रकार का दबाव बनाने की जरुरत नहीं होती। वह खुद आता है।
Updated on:
30 Jul 2026 02:22 pm
Published on:
30 Jul 2026 02:18 pm
