6 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘प्रधानमंत्री के आगे इतना मत झुकिए’: इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक होने पर भड़के अरविंद केजरीवाल, मेटा पर साधा निशाना

Arvind Kejriwal Instagram Restricted: AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि भारत में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने मेटा से जवाब मांगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Aug 06, 2026

Arvind Kejriwal Instagram Restricted

अरविंद केजरीवाल (Photo: IANS)

Arvind Kejriwal on Meta: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारत में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी Meta पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बार-बार पूछने के बावजूद कंपनी ने इस कार्रवाई की कोई वजह नहीं बताई।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट के भारत में नहीं चलने की जानकारी दी गई है। उन्होंने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।

केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने मेटा के भारत स्थित कार्यालय से मौखिक रूप से जानकारी लेने की कोशिश की। वहां उन्हें बताया गया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है और भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया, "मेरा अकाउंट क्यों ब्लॉक किया गया? इसकी वजह क्या है?"

मेटा ने नहीं दिया कोई जवाब- केजरीवाल

AAP प्रमुख ने दावा किया कि मेटा के कार्यालय की और से उन्हें किसी भी अधिकारी ने यह नहीं बताया कि अकाउंट पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया और इसे हटाने की प्रक्रिया क्या है। उन्होंने कहा कि कंपनी को भेजे गए ईमेल का केवल औपचारिक जवाब मिला, लेकिन अब तक कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। केजरीवाल ने इसे ‘बेहद खराब सेवा’ करार दिया।

पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

मेटा पर सवाल उठाने के साथ ही अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी कटाक्ष कसा। उन्होंने लिखा, "हमारे प्रधानमंत्री के सामने इतना भी मत झुको, नहीं तो वह भारत में सिर्फ अपना ही अकाउंट चलने देंगे।" फिलहाल मेटा की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

गौरतलब हो कि सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ी पीएम मोदी की फेसबुक पोस्ट पर अस्थायी रूप से लगी रोक के लिए बुधवार को माफी मांग ली। कंपनी के मुख्य वैश्विक मामलों के अधिकारी जोएल कैपलन ने कहा कि इस गलती के लिए केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से सीधे माफी मांगी गई है। कैपलन ने कहा, "पीएम मोदी की पोस्ट पर लगी रोक हमारी गलती थी और इसके लिए मैंने मेटा की ओर से मंत्री से माफी मांगी है।"

इससे पहले दिन में मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग ने भी कंपनी के प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री के प्रसार से जुड़े मुद्दों तथा संचालन संबंधी कमियों पर खेद जताया। जुकरबर्ग ने भारत सरकार द्वारा उठाई गई चिंताओं को स्वीकार किया और प्लेटफॉर्म के संचालन में हुई गलतियों पर अफसोस व्यक्त किया।

यह माफी ऐसे समय में आई है, जब भारत में मेटा के कामकाज और उसकी कंटेंट मॉडरेशन नीतियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पिछले हफ्ते पीएम मोदी की फेसबुक पोस्ट कुछ समय के लिए उपलब्ध न रहने की घटना के बाद कंपनी की भूमिका पर गहन चर्चा शुरू हो गई थी। सरकार ने मेटा के शीर्ष अधिकारियों को तलब किया था और जुकरबर्ग से माफी की मांग की थी।