
दिशा सालियान और आदित्य ठाकरे (Patrika File Photo)
Nitesh Rane Disha Salian Case: दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है। शनिवार (19 सितंबर) को दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान अपने वकीलों के साथ मुंबई स्थित ठाकरे परिवार के आवास 'मातोश्री' पहुंचे। उन्होंने आदित्य ठाकरे और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ 500 करोड़ रुपये के मानहानि दावे से संबंधित कानूनी नोटिस दिया। नोटिस आदित्य ठाकरे की ओर से उनके वकील ने स्वीकार किया। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा नेता और मंत्री नितेश राणे ने पूरे मामले में एक बड़ा कदम उठाया है।
नितेश राणे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, "सभी मीडिया मित्र… दिशा सालियान मामले में कानून को अपना काम करने दें! इस पर रोज टिप्पणी करना मेरे लिए उचित नहीं है। धन्यवाद।"
सतीश सालियान की ओर से दिए गए 500 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस में आदित्य ठाकरे के साथ पूर्व गृह मंत्री व एनसीपी (शरद पवार) नेता अनिल देशमुख का भी नाम है।
इस विवाद के बीच आदित्य ठाकरे ने पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा था कि वह दिशा सालियान से कभी नहीं मिले और उन्हें जानते भी नहीं थे। उन्होंने दिशा की मौत से अपने नाम को जोड़ने के प्रयासों को राजनीतिक और व्यक्तिगत वजहों से चलाया जा रहा अभियान बताया था।
शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को चेतावनी दी थी कि यदि उनके परिवार को निशाना बनाकर चलाया जा रहा ‘चरित्र हनन’ अभियान नहीं रुका तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों का इस्तेमाल ठाकरे परिवार के खिलाफ कीचड़ उछालने के लिए ‘कठपुतली’ के रूप में किया जा रहा है।
मामले पर शिवसेना (यूबीटी) के राज्य सभा सांसद संजय राउत ने सतीश सालियान को लेकर आरोप लगाया कि कुछ लोग ठाकरे परिवार के खिलाफ आरोप लगाने के लिए लोगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। राउत ने यह भी दावा किया कि सतीश सालियान को दूसरे लोगों द्वारा कंट्रोल किया जा रहा है। उनके निर्देश पर ही वह यह सब तमाशा कर रहे हैं। उनका निशाना खासतौर पर भाजपा नेता नारायण राणे के परिवार (खासकर उनके बेटे और महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे) पर था।
दूसरी ओर, सतीश सालियान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मुझे कोई भी कंट्रोल नहीं कर सकता। मुझे सिर्फ भगवान कंट्रोल कर सकते हैं, दूसरा कोई नहीं।" उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के मामले को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
दिशा सालियान की मौत के मामले में अब सीबीआई जांच चल रही है। बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने पिछले हफ्ते इस मामले में एफआईआर दर्ज की। जांच में कई लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
दिशा सालियान बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हुई थी। इसके करीब छह दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास पर मृत पाए गए थे।
दिशा और सुशांत की मौत के बीच संबंध को लेकर वर्षों से अलग-अलग दावे और चर्चाएं होती रही हैं। जबकि नितेश राणे इस पूरे मामले को लेकर शुरू से ही आक्रामक रहे हैं। ऐसे में अब सभी की नजर सीबीआई जांच और इस 500 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस से जुड़ी आगे की कानूनी कार्रवाई पर है।
Updated on:
20 Sept 2026 04:30 pm
Published on:
20 Sept 2026 04:01 pm
