11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मुंबई लोकल ट्रेन में ‘Gen Z’ के लिए रिजर्व रखे जाएं 3 डिब्बे, बीजेपी नेता ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

Mumbai Local Train Gen Z coach: भाजपा (BJP) नगरसेविका तेजस्वी घोसालकर ने छात्रों के लिए मुंबई लोकल में तीन डिब्बे आरक्षित करने की मांग की है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Aug 11, 2026

BJP leader Tejasvee Ghosalkar

बीजेपी नेता तेजस्वी घोसालकर (Photo: IANS)

Mumbai Local Train News: दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन के बाद नई पीढ़ी, खासकर Gen Z और Gen Alpha को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। इसी बीच मुंबई में भाजपा (BJP) की नगरसेविका तेजस्वी घोसालकर (Tejasvee Ghosalkar) ने स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए मुंबई लोकल ट्रेनों में तीन डिब्बे आरक्षित करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है।

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं। सुबह और शाम के पीक आवर्स में लोकल ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब इसी समस्या को देखते हुए भाजपा की नगरसेविका तेजस्वी घोसालकर ने छात्रों के लिए लोकल में तीन डिब्बे आरक्षित करने की मांग उठाई है।

छात्रों के लिए सुबह 5 से 11 बजे तक तीन डिब्बे रिजर्व करने की मांग

तेजस्वी घोसालकर ने मांग की है कि मुंबई लोकल ट्रेन के 12 डिब्बों में से तीन डिब्बे छात्रों के लिए आरक्षित किए जाएं। उन्होंने इन डिब्बों को सुबह 5 बजे से 11 बजे तक विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रखने का सुझाव दिया है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में कहा है कि मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे से सफर करने वाले स्कूल और कॉलेज छात्रों को इससे काफी राहत मिल सकती है।

तेजस्वी घोसालकर ने विशेष रूप से चर्चगेट-डहाणु और CSMT-डोंबिवली/आसनगांव लोकल ट्रेनों में छात्रों के लिए तीन डिब्बे आरक्षित रखने की मांग की है।

मुंबई लोकल में पहले से महिलाओं के लिए दो डिब्बे आरक्षित

मुंबई की लोकल ट्रेनों में वर्तमान में महिलाओं के लिए दो डिब्बे आरक्षित होते हैं। इसके अलावा प्रथम श्रेणी और लगेज के लिए भी अलग डिब्बे होते हैं। ऐसे में सामान्य डिब्बों में सुबह और शाम के व्यस्त समय में यात्रियों की भारी भीड़ हो जाती है।

तेजस्वी घोसालकर का कहना है कि छात्रों के लिए अलग डिब्बे उपलब्ध होने से उन्हें भीड़ के बीच यात्रा करने की परेशानी से कुछ राहत मिल सकती है। खासकर सुबह स्कूल और कॉलेज जाने के समय बड़ी संख्या में छात्र लोकल से सफर करते हैं।

Gen Z और Gen Alpha पर BJP का फोकस?

यह मांग ऐसे समय सामने आई है जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के बाद भाजपा की ओर से नई पीढ़ी के युवाओं तक पहुंच बनाने के प्रयास तेज हुए हैं। कुछ दिन पहले आरएसएस (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने भी युवाओं के साथ संवाद किया था। राज्य स्तर पर भी युवा पीढ़ी से जुड़ने के लिए अलग-अलग पहल किए जाने की बात सामने आई थी। इसी कड़ी में तेजस्वी घोसालकर की छात्रों के लिए लोकल में तीन डिब्बे आरक्षित करने की मांग को भी देखा जा रहा है।

बता दें कि तेजस्वी घोसालकर मुंबई महानगरपालिका (BMC) के वार्ड नंबर-2 से भाजपा की नगरसेविका हैं। चुनाव से पहले उन्होंने उद्धव ठाकरे गुट छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद भाजपा ने उन्हें चुनाव मैदान में उतारा और उन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।