
मृतक मयंक लोहार और आरोपी रोशन सुवर्णा (Photo: X/@venom1s)
Mumbai Local Train Murder: मुंबई की लोकल ट्रेन में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने रोशन सुवर्णा (30) को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, मयंक के परिवार का दर्द छलक पड़ा है। उन्होंने आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की है। उनका कहना है कि मयंक की बड़ी बेरहमी से हत्या की गई है। जबकि वह बेहद शांत स्वभाव का था। खुनी को भी वैसे ही मौत देनी चाहिए।
इस बीच पुलिस ने भी खुलासा किया है कि वारदात के बाद आरोपी करीब 15 घंटे तक फरार रहा, लेकिन करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी निगरानी और टी-शर्ट पर बने कंपनी के ‘लोगो’ की मदद से आखिरकार उसे नवी मुंबई के पनवेल से गिरफ्तार कर लिया गया।
मयंक की मां बेटे को याद कर फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा कभी किसी से झगड़ा नहीं करता था। उन्होंने कहा, "मेरा बच्चा भूखा है... उसने कुछ नहीं खाया। वह बिना वजह घर से बाहर भी नहीं निकलता था। अब मैं क्या करूं, कहां जाऊं?"
मां ने आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए कहा कि जिसने उनका घर उजाड़ दिया, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
मयंक की बड़ी बहन ने भी आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की। उन्होंने कहा कि उनका भाई बेहद शांत स्वभाव का था और कभी ट्रेन के दरवाजे पर लटककर सफर नहीं करता था। वह कभी किसी से नहीं लड़ता था। उसकी उम्र सिर्फ 22 साल थी, पूरी जिंदगी उसके सामने थी। अगर आरोपी को फांसी नहीं मिली तो कल किसी और की जान जाएगी।
मयंक के पिता रमेश लोहार भी घटना के वीडियो का जिक्र कर रोने लगे। पत्रकारों से उन्होंने कहा, "क्या आपने वीडियो देखा है? जिस तरह वह चाकू लेकर हमला कर रहा था, वह बेहद डरावना है। आखिर उसे इतनी हिम्मत कहां से मिली? पूरा प्रशासन और पूरी दुनिया देख रही है कि उसने क्या किया है।"
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी रोशन सुवर्णा (30) मीरा रोड का रहने वाला है और अंधेरी एयरपोर्ट के पास स्थित एक कार्गो हैंडलिंग कंपनी में अपने पिता और बड़े भाई के साथ काम करता था।
पूछताछ में उसने बताया कि घटना वाले दिन ड्यूटी खत्म होने के बाद उसने शराब पी थी। पहले वह कैब से घर जाने वाला था, लेकिन भारी बारिश और कैब नहीं मिलने के कारण उसने अंधेरी स्टेशन से चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल पकड़ ली।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:42 बजे मुंबई लोकल ट्रेन में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई थी। जांच में सामने आया कि तेज बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर दोनों यात्रियों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर कुछ सहयात्रियों ने आरोपी की पिटाई भी की थी। इससे गुस्साए आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकाला और मयंक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मयंक ने बाद में दम तोड़ दिया। आरोपी को पकड़ने के लिए तुरंत छह विशेष टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। जांच में यह भी पता चला कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू उसने कुछ दिन पहले अपने एक दोस्त से खरीदा था और वह तब से ही उसके बैग में रखा हुआ था। अब पुलिस उस दोस्त से भी पूछताछ करेगी।
Updated on:
25 Jun 2026 12:13 pm
Published on:
25 Jun 2026 11:32 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
