
प्लेटफॉर्म से शुरू हुआ विवाद पटरी तक पहुंचा (Photo: X/@rameshofficial0)
मुंबई के मुलुंड रेलवे स्टेशन पर एक बेहद चौंकाने वाली घटना हुई है, जहां एक लड़की को लेकर दो छात्र आपस में इस कदर भिड़ गए कि उनकी जान पर बन आई। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों रेलवे ट्रैक पर एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। तभी उस पटरी पर लोकल ट्रेन भी आ जाती है। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत का माहौल बन जाता है।
जानकारी के मुताबिक, पहले दोनों छात्रों के बीच मुलुंड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बहस शुरू होती है, जो कुछ ही सेकंड में हाथापाई में बदल जाती है। झगड़े के दौरान एक छात्र संतुलन खो बैठता है और सीधे ट्रैक पर गिर जाता है। इसके बाद दूसरा छात्र भी उसके पीछे ट्रैक पर उतर जाता है और दोनों वहां भी लड़ाई जारी रखते हैं।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब सामने से लोकल ट्रेन आ रही थी, तब भी दोनों छात्र लड़ाई में उलझे रहे। प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्री लगातार ‘ट्रेन आ रही है’ चिल्लाते रहे, लेकिन छात्रों ने उनकी एक न सुनी और दोनों लड़ते रहे। यहां तक कि वे एक-दूसरे का गला दबाने और पत्थरों से हमला करने की कोशिश करते नजर आए, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए सीधे पटरियों पर उतरकर दोनों छात्रों को अलग किया। ट्रेन के बिल्कुल पास पहुंचने से पहले एक छात्र को उठाकर किनारे किया गया, जबकि दूसरे को भी संभालकर प्लेटफॉर्म पर लाया गया। कुछ ही सेकंड बाद ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई। अगर यात्रियों ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पटरियों से बचाए जाने के बाद भी दोनों छात्र शांत नहीं हुए और प्लेटफॉर्म पर फिर से लड़ने लगे।
इस पूरी घटना के दौरान स्टेशन पर न तो पुलिस मौजूद थी और न ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का कोई जवान नजर आया। ऐसे में यात्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती, तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।
Published on:
01 Apr 2026 05:52 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
