
CNG के दाम बढ़ते ही मुंबई में ऑटो-टैक्सी यूनियन ने की किराए में बढ़ोतरी की मांग
Mumbai Auto-Taxi Fare News: मुंबई में दो अगस्त की आधी रात से सीएनजी और पीएनजी के दामों में बढ़ोतरी हुई है। साल 2022 में पांचवी दफा मुंबई में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) और डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की कीमतों में इजाफा किया गया है। सीएनजी के दाम में बढ़ोतरी के बाद अब ऑटो-टैक्सी यूनियन ने भी किराए में बढ़ोतरी की मांग कर दी है।
सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ने से पहले ही मुंबई में ऑटो और टैक्सियों के लिए न्यूनतम किराया वृद्धि की मांग लगातार हो रही है। लेकिन बुधवार को सीएनजी के दामों में भारी बढ़ोतरी होने के कारण ऑटो और टैक्सी चालकों ने किराए में इजाफा करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि ऑटो-टैक्सी यूनियन किराए में 3 रुपये से बढ़कर 4 रुपये की वृद्धि चाहता था।
उल्लेखनीय है कि मुंबई में सीएनजी की कीमत बुधवार के दिन 6 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ने से अब 86 रु प्रति किलोग्राम हो गई है। जबकि पीएनजी की कीमत में चार रुपये का इजाफा किया है। जिससे इसकी कीमत 52.50 रु प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) हो गई है। इससे पहले इनकी कीमत में 12 जुलाई को इजाफा किया गया था।
कीमतों में इजाफा करते हुए महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) द्वारा जो बयान जारी किया गया उसके अनुसार इनपुट लागत में वृद्धि ज्यादा हुई है। जिसके कारण एमजीएल ने गैस की कीमतों को बढाने का निर्णय लिया है। दरअसल सीएनजी की कीमत बढ़ने से ऑटो रिक्शा और टैक्सी यूनियन परेशान है। उनका कहना है कि वे जल्द ही राज्य सरकार से भी संपर्क करेंगे।
Published on:
04 Aug 2022 11:05 am
