4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई में आसमानी आफत: दहिसर में उफनती मीठी नदी में गिरा युवक, रस्सियों के सहारे निकला सुरक्षित, स्कूल-कॉलेज बंद

Mumbai Rains Mithi River Rescue: मुंबई में आफत की बारिश! दहिसर में उफनती मीठी नदी में गिरा युवक, फायर ब्रिगेड ने रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला; स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी, रेड अलर्ट जारी।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Imran Ansari

Jul 04, 2026

Mumbai Rains Mithi River Rescue

दहिसर में उफनती मीठी नदी में गिरा युवक

Mumbai Weather Red Alert:मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में शनिवार (4 जुलाई 2026) को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार जारी मानसून की इस भारी बारिश के बीच दहिसर वेस्ट इलाके में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां उफनती हुई मीठी नदी में अचानक एक युवक गिर गया, जिसे मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

15 फीट ऊपर से रस्सी डालकर बचाया

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के दौरान पैर फिसलने की वजह से युवक नदी के तेज बहाव में गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियां आईं। घटनास्थल से सामने आए एक वीडियो में देखा गया कि दमकलकर्मियों ने करीब 15 फीट की ऊंचाई से नदी में रस्सियां डालीं और काफी मशक्कत के बाद युवक को ऊपर खींचकर सुरक्षित निकाला। फिलहाल युवक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

अंधेरी-मलाड सबवे बंद, लोकल ट्रेनें हुईं लेट

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के कई निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। अंधेरी और मलाड सबवे को एहतियातन यातायात के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि कुर्ला, साकीनाका, चेंबूर, सांताक्रूज़, गोरेगांव और पवई समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं, रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण वेस्टर्न रेलवे पर नालासोपारा-विरार और सेंट्रल रेलवे पर विक्रोली के पास लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

हादसों की मार: पिछले कुछ दिनों में गईं कई जानें

मुंबई में मानसून की शुरुआत के साथ ही दर्दनाक हादसों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। 30 जून को तेज हवाओं के कारण एक पेड़ स्कूल बस पर गिर गया, जिसमें 11 साल के विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई। इसके बाद 2 जुलाई को चांदीवली-साकीनाका इलाके में खुले मैनहोल में गिरने से 60 साल के असलम इसाक शेख की जान चली गई। इन दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी, सीएम फडणवीस ने की अपील

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा मुंबई के लिए 'रेड अलर्ट' (Red Alert) जारी किए जाने के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने शनिवार को दोपहर के सत्र वाले सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) और पुणे-नाशिक बेल्ट के नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने सभी से मौसम विभाग की चेतावनियों और आधिकारिक गाइडलाइंस का पालन करने को कहा है, क्योंकि 6 जुलाई तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने की आशंका है।