
प्रेमी ने प्रेमिका को कन्हान नदी में फेंका, 18 घंटे में सामने आया सच (Photo: X/@yagywalkya)
Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी के लिए लगातार दबाव बनाए जाने और पुलिस में दर्ज शिकायत वापस लेने से इनकार करने पर एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की कन्हान नदी में धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे 11 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
आरोपी की पहचान मोनू उर्फ आकाश मनपिया (31), निवासी भिलगांव के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान अश्विनी उर्फ रश्मी उर्फ आशी डे (29), निवासी खामला के रूप में हुई है। आरोपी युवक पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं मृतका पर भी दो केस दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार, मोनू और आशी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आशी लगातार मोनू पर शादी करने का दबाव बना रही थी। वहीं, आरोपी चाहता था कि वह उसके खिलाफ पुलिस में दर्ज शिकायत वापस ले ले। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से तनाव चल रहा था।
रविवार को 'फ्रेंडशिप डे' के दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जो आखिरकार हत्या तक पहुंच गया। मोनू ने पूरी योजना के साथ आशी को सुनसान जगह ले गया और वहां पुल से नदी में फेंक दिया।
जांच में सामने आया है कि रविवार को 'फ्रेंडशिप डे' पर दोनों दिनभर साथ रहे। शाम को मोनू आशी को उसके घर छोड़कर चला गया, लेकिन रात करीब 11 बजे वह दोबारा उसके घर पहुंचा।
इसके बाद दोनों आशी की मोपेड से पहले मोठा ताजबाग पहुंचे और फिर खापरखेड़ा गए। वहां कुछ घंटे बिताने के बाद दोनों तड़के करीब 2 बजकर 8 मिनट पर कन्हान नदी के पुल पर पहुंचे। यहां दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि गुस्से में मोनू ने पहले आशी के साथ मारपीट की और फिर उसे पुल से नीचे नदी में धक्का दे दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह करीब 2:17 बजे मोपेड लेकर वहां से फरार हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि पूरी घटना महज 9 मिनट के भीतर हुई।
जिस समय मोनू आशी को नदी में धकेल रहा था, वहां मौजूद रेलवे के एक ट्रैकमेन ने यह खौफनाक दृश्य देख लिया। उसने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस को सूचना दी। कन्हान थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और चश्मदीद के बयान के आधार पर 18 घंटे के भीतर मोनू को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे 11 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Updated on:
05 Aug 2026 11:29 am
Published on:
05 Aug 2026 11:11 am
