
ANI फोटो
NEET UG 2026 Nagpur Student Abu Dhabi Center: इस छात्र को पहले नागपुर के ही 'सरस्वती विद्यालय' में परीक्षा केंद्र मिला था। लेकिन, पेपर लीक विवाद के बाद जब परीक्षा दोबारा निर्धारित की गई, तो छात्र ने अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड किया। एडमिट कार्ड देखते ही छात्र और उसके परिवार के होश उड़ गए, क्योंकि नए केंद्र के रूप में 'अबू धाबी इंडियन स्कूल' (UAE) लिखा हुआ था।
छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि हमने आवेदन फॉर्म भरते समय पहली पसंद नागपुर, और उसके बाद वर्धा व भंडारा को चुना था। हम अपने बच्चे को परीक्षा के लिए विदेश भेजने में पूरी तरह असमर्थ हैं। उसके पास तो पासपोर्ट तक नहीं है, और अब यात्रा की व्यवस्था करने के लिए समय भी नहीं बचा है।'
पीड़ित परिवार ने तुरंत एनटीए (NTA) की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि एजेंसी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और सत्यापन के बाद नया एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया है। इस मामले पर महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए इसे टेस्टिंग एजेंसी की गंभीर चूक बताया है और मांग की है कि छात्र को तुरंत नागपुर या उसके पास का सेंटर दिया जाए।
इस गड़बड़ी के बीच, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कल (21 जून) होने वाली नीट-यूजी 2026 की पुनरीक्षा (Re-examination) को पारदर्शी और सुचारू रूप से कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एनटीए के अनुसार, परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों और गोपनीय सामग्रियों को जीपीएस (GPS) से लैस वाहनों और पुलिस सुरक्षा के बीच केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी सर्विलांस, आधार-आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम तैनात किए गए हैं। सुचारू संचालन के लिए सिटी कोऑर्डिनेटर, ऑब्जर्वर, केंद्र अधीक्षकों, इनविजिलेटर और जिला प्रशासन व पुलिस कर्मियों सहित 2 लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।
एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच अपने परीक्षा केंद्रों पर हर हाल में पहुंच जाएं, क्योंकि दोपहर 1:30 बजे एंट्री गेट बंद कर दिए जाएंगे। यह परीक्षा 'पेन-एंड-पेपर' (ऑफलाइन) मोड में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में होने वाली इस परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है।
Updated on:
20 Jun 2026 11:13 am
Published on:
20 Jun 2026 11:00 am
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
