
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
मोदी सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के डेवलपमेंट विजन से अधिकांश लोग भली भांति परिचित है। गडकरी के काम करने के तरीके की बखान खुद विपक्ष भी करता है। उनके कार्यकाल में पूरे देश में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर में बहुआयामी विकास देखने को मिला है।
एक दिन पहले ही सीआईआई द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग और कई नई सड़क परियोजनाएं महाराष्ट्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा कि मुंबई को दिल्ली, पुणे और बैंगलुरू से जोड़ने के लिए विशाल बुनियादी ढांचा परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं। यह भी पढ़े-Maharashtra Politics: सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस दिल्ली में मौजूद, फाइनल होगा कैबिनेट गठन का फार्मूला?
गडकरी ने कहा कि 1 लाख करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और यह राष्ट्रीय राजधानी और व्यावसायिक राजधानी के बीच यात्रा के समय को घटाकर 12 घंटे कर देगा। उन्होंने कहा “यह मेरा सपना है कि 50,000 करोड़ रुपये के परियोजना परिव्यय से तटीय सड़क और समुद्र-लिंक वसई-विरार और उससे आगे के नेटवर्क के माध्यम से मुंबई में नरीमन पॉइंट से दिल्ली तक निर्बाध सम्पर्क स्थापित हो।" केंद्रीय राजमार्ग मंत्री ने महाराष्ट्र सरकार से परियोजना के लिए आवश्यक स्टील और सीमेंट पर राज्य जीएसटी को माफ करने का अनुरोध किया गया है।
गडकरी ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुणे रिंग रोड के वेस्टरली बाइ पास के माध्यम से मुंबई से बैंगलोर तक सीधा सड़क संपर्क बनाने की योजना के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि सड़क जोड़ने की योजना पहले ही तैयार की जा चुकी है और काम जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि नई पुणे-औरंगाबाद सड़क को जोड़ने की योजना बनाई गई है, जो दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय को घटाकर केवल 2 घंटे कर देगी।
इस कार्यक्रम में मौजूद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उन्होंने भूमि अधिग्रहण के कार्य को सक्रियता से हाथ में लेने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि नवी मुंबई की तर्ज पर, महाराष्ट्र सरकार को पुणे और औरंगाबाद के पास नई सड़कों के साथ नए टाउन शिप बनाने की योजना बनानी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि सूरत-नासिक-अहमदनगर-सोलापुर को जोड़ने वाली नई सड़क उत्तर भारत से दक्षिण की ओर जाने वाले 50 प्रतिशत यातायात को डायवर्ट करेगी जिसके परिणामस्वरूप ठाणे, मुंबई और पुणे में वायु प्रदूषण में पर्याप्त कमी आएगी।
आर्थिक विकास में बुनियादी ढांचे के महत्व पर जोर देते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि भारत का 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का सपना महाराष्ट्र के महत्वपूर्ण योगदान के बिना साकार नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र भारत की अर्थव्यवस्था का विकास इंजन है और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के सपने को हकीकत में बदलने के लिए राज्य को सभी क्षेत्रों- कृषि, उद्योग और सेवाओं में प्रमुख योगदान देना होगा।”
Published on:
09 Jul 2022 07:00 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
