
महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति के घर 3 करोड़ की चोरी, फोटो सोर्स- @rashtra_press
Sachin Ahir house maid robbery Esplanade Court: मुंबई क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के वर्ली स्थित आवास पर करीब 2.65 करोड़ रुपए के कीमती सामान और जेवरात चोरी करने के आरोप में उनके 24 साल पुराने घरेलू सहायक (नौकर) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण रमेश सोलंकी (45) के रूप में हुई है।
आरोपी प्रवीण सोलंकी को पुलिस ने एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने चोरी गए जेवरात की बरामदगी और मामले में शामिल फरार साथियों की तलाश के लिए उसे 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने सोलंकी को बेगुनाह बताते हुए दावा किया कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है। वहीं, क्राइम ब्रांच ने अदालत को बताया कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी के कुछ जेवर और अन्य सामान बेचने तथा उससे मिली रकम अपने फरार साथियों में बांटने की बात स्वीकार की है।
कृष्णा सचिन अहीर की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, जिसमें आरोप लगाया गया कि पिछले करीब पांच वर्षों से घर से धीरे-धीरे कीमती जेवर और अन्य बहुमूल्य सामान गायब हो रहे थे। शिकायत के अनुसार, चोरी हुए सामान में 100 ग्राम सोने के बिस्कुट (करीब 15 लाख रुपए), दो हीरे जड़ी सोने की चूड़ियां (लगभग 45 लाख रुपए) और करीब 50 लाख रुपए कीमत की एक अन्य हीरे की चूड़ी समेत कई महंगे आभूषण शामिल हैं।
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने कई नए पहलू उभरकर आए हैं। क्राइम ब्रांच को घर के दो अन्य घरेलू सहायकों सतीश कुमार मिस्त्री और अमितकुमार प्रसाद पर भी संदेह है, क्योंकि मामूली वेतन के बावजूद दोनों ने हाल ही में झारखंड स्थित अपने पैतृक गांव में मकान, वाहन और अन्य संपत्तियां खरीदी हैं। इसके अलावा, 13 अक्टूबर 2025 को आवास में शॉर्ट-सर्किट से लगी आग की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि कहीं इस घटना का इस्तेमाल नकदी चोरी करने या सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ के लिए तो नहीं किया गया। वहीं, जांच एजेंसियां परिवार के सदस्यों द्वारा अचानक सुस्ती और चक्कर आने की शिकायतों की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों को शक है कि चोरी को अंजाम देने के लिए भोजन या विदेशी सप्लीमेंट्स में नशीला पदार्थ मिलाया जाता था।
Updated on:
24 Jul 2026 06:41 pm
Published on:
24 Jul 2026 06:41 pm
