
टमाटर के दाम में बड़ी गिरावट, किसान नाराज
Tomato Price Cut: कुछ हफ्ते पहले सौ रुपये किलो के भाव पर बिकने वाला टमाटर अब मंडियों में एक रुपये प्रति किलों रेट से भी नीचे पहुँच गया है। महाराष्ट्र में भी टमाटर की आवक में बंपर बढ़ोतरी से मंडियों में इसकी कीमत औंधे मुंह गिर गई है। ऐसे में किसानों (Maharashtra Farmers) को बड़ा नुकसान हो रहा है। यहां तक की टमाटर की खेती करने वाले किसानों को उनकी लागत भी नहीं मिल पा रही हैं। सोलापुर के ऐसे ही एक किसान ने नाराज होकर टमाटर को सड़क पर फेंक दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, टमाटर की गिरती कीमत से नाराज किसानों ने पुणे-सोलापुर हाइवे पर टमाटर फेंककर विरोध प्रदर्शन किया। शेटफल में माढा रोड पर टमाटर उगाने वाले किसानों के आंदोलन के कारण हाईवे करीब आधे घंटे तक जाम रहा। यह भी पढ़े-Tomato Price: 200 से अब 3 रुपये किलो हुआ टमाटर का भाव, किसानों की नहीं निकल रही लागत
बेबस हुआ किसान!
मोहोल तालुका के शेटफल के किसान हनुमंत जाधव अपनी टमाटर की उपज बेचने के लिए मंडी पहुंचे थे। जब व्यापारियों ने हनुमंत के टमाटर की बोली महज 40 पैसे प्रति किलोग्राम की दर से लगाई तो वह हक्के-बक्के रह गए। हनुमंत जाधव लगभग पांच टन टमाटर बेचने के लिए मंडी आये थे। जबकि टमाटर तोड़ने, उसे बाजार तक लाने और मजदूरी का खर्च करीब 1.5 रुपये प्रति किलो है। इसके अलावा टमाटर की खेती में लगने वाली लागत अलग है।
मेहनत का कोई मोल नहीं...
ऐसे में मंडी में व्यापारियों द्वारा 25 किलो टमाटर की एक कैरेट की कीमत मात्र 10 रुपये देने से नाराज किसान ने सारा टमाटर हाईवे पर फेंक दिया। बाद में इस प्रदर्शन में कई और किसान जुड़ गए। सभी ने नारेबाजी की और टमाटर के दाम को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया। बेबस किसानों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर दिन-रात परिश्रम करने के बावजूद भी उनकी मेहनत का कोई मोल नहीं है।
हनुमंत जाधव ने कहा, “मैंने दो एकड़ में टमाटर की खेती की हैं। इस पर करीब ढाई लाख रुपये खर्च हुए है। एक सप्ताह में लगभग 1000 कैरेट टमाटर का उत्पादन होता है। जिससे मुझे अब तक मात्र 70 हजार रुपये की कमाई हुई है। मुनाफा तो दूर, उत्पादन लागत भी नहीं निकल रही है। सरकार को टमाटर के लिए 15 रुपये प्रति किलो की गारंटी कीमत देनी चाहिए। हमारे पास विरोध करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।“
Published on:
01 Oct 2023 09:26 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
