
उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना (Photo: IANS)
Maharashtra Politics: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के सांसदों की मुलाकात को लेकर तीखा हमला बोला है। मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के पास आंदोलन कर रहे युवाओं-छात्रों से मिलने का समय नहीं है, लेकिन बागी सांसदों से मिलने के लिए उनके पास वक्त है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन सांसदों से मुलाकात के दौरान उन्हें कहा कि 'डरिए मत, मैं आपके साथ हूं'। दरअसल इन सांसदों में वह भी शामिल थे जो बीते जून महीने में उद्धव का साथ छोड़ शिंदे खेमे में शामिल हुए।
उद्धव ठाकरे ने इस मुलाकात को लेकर कई सवाल उठाए और कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश आखिर किसके लिए था? जब अदालत में सुनवाई चल रही थी, तब आपको बागी सांसदों से मिलने की क्या जरुरत थी।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि युवाओं और छात्रों के आंदोलन को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों से दुनिया भर में भारत की जेन-जी पीढ़ी के आंदोलन की चर्चा है। ठाकरे के मुताबिक, सरकार को इन युवाओं का समर्थन करना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय आंदोलनकारी छात्रों पर कथित तौर पर अत्याचार किया गया।
उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठियां चलाई गईं और उनके साथ ज्यादती की गई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे बातचीत करने के लिए तैयार नहीं हैं। उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह भी छात्रों से बात करने की पहल नहीं कर रहे हैं।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह बागी सांसदों को 'मैं तुम्हारे साथ हूं' का भरोसा दिया, वही बात उन्हें आंदोलन कर रहे युवाओं से कहनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा, 'छात्र आंदोलकों पर अत्याचार किए गए, उन पर लाठियां चलाई गईं। उन्हें मिलने के लिए प्रधानमंत्री के पास समय नहीं है। लेकिन बागी सांसदों से मिलकर प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि मैं आपके साथ हूं। वास्तव में यह वाक्य उन्हें आंदोलन कर रहे युवाओं से कहना चाहिए था।'
ठाकरे ने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन से निपटने के तरीके के कारण कुछ लोगों को ऐतिहासिक जलियांवाला बाग हत्याकांड की याद तक आई।
उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री मोदी और शिंदे गुट के सांसदों की मुलाकात को लेकर एक और बड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुंबई में थे, उसी दौरान शिंदे गुट के सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।
ठाकरे ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री का 'डरिए मत, मैं आपके साथ हूं' वाला संदेश आखिर किसके लिए था? उन्होंने पूछा कि क्या यह संदेश सर्वोच्च न्यायालय के लिए था, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए था या फिर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिए?
उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री और शिंदे गुट के सांसदों की मुलाकात से जुड़ी खबरें देशभर के अखबारों में छपी। इन खबरों को वह सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष भी पेश करेंगे। ठाकरे ने कहा कि अब यह लड़ाई केवल शिवसेना तक सीमित नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'गद्दारी का वायरस' पूरे देश में फैल रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री का संदेश भविष्य में किसी अन्य पार्टी में संभावित बगावत करने वाले नेताओं के लिए भी है? क्या उन्हें यह संदेश दिया जा रहा है कि 'आप हमारे साथ आइए, आपका कुछ नहीं बिगड़ेगा'?
उद्धव ठाकरे के इन बयानों से महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ने के संकेत हैं। प्रधानमंत्री मोदी और शिंदे गुट के सांसदों की मुलाकात को लेकर ठाकरे के आरोपों पर फिलहाल महायुति की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Updated on:
08 Aug 2026 04:01 pm
Published on:
08 Aug 2026 03:16 pm
