31 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आंखों के सामने बह गई पत्नी और दो बेटियां, पेड़ से चिपककर बची शख्स की जान, महाराष्ट्र में जलप्रलय का कहर

Yavatmal SUV flood accident: महाराष्ट्र के यवतमाल में कुपटी नदी के तेज बहाव में कार बहने से मां और दो बेटियों की मौत हो गई। पति ने पेड़ पकड़कर अपनी जान बचाई। एनडीआरएफ ने तीनों शव बरामद कर लिए हैं।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Imran Ansari

Jul 31, 2026

Yavatmal SUV flood accident

आंखों के सामने बह गई पत्नी और दो बेटियां, फोटो सोर्स एक्स ( @lokmattimeseng ) Enhance by AI

Maharashtra heavy rain accident: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में भारी बारिश के बीच एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। उफनती नदी को पार करने के प्रयास में एक एसयूवी (SUV) कार पानी के तेज बहाव में बह गई। शुक्रवार को राहत एवं बचाव टीम ने कार सहित महिला और उसकी दो मासूम बेटियों के शव बरामद कर लिए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना गुरुवार को उस समय हुई जब परिवार अहिल्यानगर जिले के लोणी क्षेत्र की ओर जा रहा था। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दारव्हा इलाके में कुपटी नदी उफान पर थी और उसका पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। ड्राइवर (पति) पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सका और गाड़ी पुल पार करने के दौरान नदी के तेज प्रवाह में बह गई।

पति ने पेड़ पकड़कर बचाई जान, आंखों के सामने बहा परिवार

गाड़ी बहने के दौरान अविनाश खंदारे ने गजब की फुर्ती और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने किसी तरह कार से निकलकर पास के एक पेड़ को पकड़ लिया और अपनी जान बचा ली। हालांकि, वे बेबस होकर अपनी आंखों के सामने अपनी पत्नी माधवी और दो छोटी बेटियों को कार सहित उफनती नदी की धाराओं में बहते देखने को मजबूर रहे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने रात भर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद शुक्रवार को कार और तीनों शवों को बाहर निकाल लिया गया।

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के अनुसार, बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, तेज बारिश और जलभराव के कारण करीब 100 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है तथा सैकड़ों प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।