
loot
नागौर/चौसला. नागौर-जयपुर मेगा हाईवे स्थित डाबसी नदी पुलिया पर सोमवार दिनदहाड़े लुटेरे पेट्रोल पंप मालिक से 6.22 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब पेट्रोल पंप मालिक लक्ष्मणराम दो दिन की बिक्री के रुपए जमा कराने बाइक से नावां बैंक जा रहा था। इसी दौरान डाबसी पुलिया के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया तथा 6 लाख 22 हजार रुपए लूटकर भाग गए। लुटेरे बाइक से सांभर की ओर भाग निकले।
लोहराणा-पिपराली के बीच स्थित पेट्रोल पंप मालिक लक्ष्मणराम पुत्र हनुमान प्रसाद निवासी ***** ने घटना की जानकारी नावां पुलिस को दी। नावां थानाधिकारी मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि लुटेरों की तलाशी की जा रही है
पुलिस की पकड़ ढीली, बेखौफ अपराधी
पुलिस की सुस्ती से क्षेत्र में चोरी व लूटपाट की वारदातों में इजाफा हो रहा है। चोर व लुटेरे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्र में लूटपाट व चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ग्रामीण लूणवां व गोविन्दी के पास पुलिस चौकी स्थापित करवाने की लम्बे समय से मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने इस और ध्यान नहीं दिया है।
24 किमी दूर पुलिस थाना
जिले की अंतिम सीमा पर बसे भाटीपुरा, चौसला, लूणवां, सिरसी सहित आस-पास की ढाणियों से नावां पुलिस थाना 20 से 24 किलोमीटर दूर होने से पूर्व में भी दिनदहाड़े लूणवां व खतवाड़ी में लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। यही नहीं इस क्षेत्र में आए दिन मंदिरों के दानपात्र चोरी व दुकानों के ताले टूटने की वारदातें हो रही हैं। वारदातों को रोकने के लिए पिछले कई दिनों से ग्रामीण गोविन्दी मारवाड़ व लूणवां में पुलिस चौकी स्थापित करवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन न तो जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे हैं और न ही अधिकारी।
तलाशी चल रही है
नावां थाना क्षेत्र के डाबसी नदी पुलिया पर पेट्रोल पंप मालिक से लूट की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी करवा कर तलाशी अभियान चलाया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- हरेन्द्र कुमार महावर, पुलिस अधीक्षक, नागौर
Published on:
06 Aug 2018 10:23 pm
