
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखना शुरू हो चुका है। शुक्रवार दोपहर नागौर जिले के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दोपहर में आंधी आई। इसके बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब आधे घंटे तक कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। कुछ स्थानों पर चने के आकार के ओले भी गिरे। बारिश होने से मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश से दिन के अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 अप्रेल को प्रदेश के कुछ भागों में मेघगर्जन, आंधी और बारिश के आसार हैं। ऐसे में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 12 अप्रेल को उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में तेज अंधड़ और हल्की-मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। 13 अप्रेल से अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे तेजी आएगी।
यह वीडियो भी देखें
वहीं डीडवाना में शुक्रवार को दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम में बदलाव महसूस किया गया। चौसला में दिनभर चली लू के बाद शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। धूल भरी आंधी चलने से तापमान में गिरावट आ गई। इससे तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली, लेकिन आंधी के कारण खेतों में पड़ा चारा उड़ने से कई किसानों को नुकसान हो गया।
Updated on:
11 Apr 2025 06:10 pm
Published on:
11 Apr 2025 06:10 pm
