
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र गहलोत
तिवाड़ी के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा
नागौर. वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी के पार्टी छोडऩे से कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा सरकार जनहित के कार्यों में सफल रही है और प्रचंड बहुमत से फिर से राज्य में अपनी सरकार बना रही है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र गहलोत ने रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वह सबकुछ कर दिखाया, जिसकी जनता को अपेक्षा थी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की कुशलता से ही राजस्थान बीमारू राज्य की श्रेणी से अच्छे राज्यों की कतार में आ खड़ा हुआ है। एक सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति व नीयत साफ रही, इसी का परिणाम है कि मुख्यमंत्री की हाल ही में शुरू हुई गौरव यात्रा को अपार समर्थन मिल रहा है।
गहलोत ने कहा कि पार्टी इस चुनाव में 180 से अधिक सीट लाकर सरकार बना रही है। कांग्रेस की कथनी व करनी पर उन्होंने कहा कि देश में जब आपातकाल लगा था तब ही कांग्रेस ने लोकतंत्र खत्म कर दिया था। कांग्रेस की अंदरूनी कलह ही उसे हराने के लिए काफी है। भाजपा कार्यकर्ता/पदाधिकारियों में पनप रहे असंतोष के सवाल पर गहलोत ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। भाजपा का कार्यकर्ता वो सिपाही है जो अनुशासित भी है और पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित भी। भाजपा पूरी तरह जोश में है, जबकि कांग्रेस के होश उड़े हुए हैं।
देरी से पहुंची ट्रेन
मेड़ता रोड. रविवार को भी ट्रेनें देरी से आने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाराणसी- जोधपुर मरूधर एक्सप्रेस छह घंटे, कामाख्या- भगत की कोठी चार घंटे, हावड़ा एक्सप्रेस दो घंटे, कोलकाता- बीकानेर दो घंटे, जोधपुर- हिसार एक घंटे, कालका एक्सप्रेस एक घंटे सहित अन्य ट्रेनें भी देरी से पहुंची। आए दिन ट्रेनें लेट होने से यात्रियों के परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसके बावजूद रेल प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
Published on:
06 Aug 2018 02:00 pm
