नागदा. शहर के सरकारी अस्पताल जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। मप्र शासन ने अस्पताल के कायाकल्प के लिए करीब साढ़े सात करोड़ रुपए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इस राशि से अस्पताल करीब आधा दर्जन नवीन वार्डों का निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही अस्पताल में कार्यरत चिकित्सिकों और अन्य स्टॉफ कर्मियों के लिए अस्पताल परिसर में ही आवास बनाए जाएंगे। इसका लाभ यह होगा कि आवश्यकता पडऩे पर तत्काल डॉक्टर और अन्य स्टॉफकर्मी अस्पताल पहुंच कर अपनी सेवाएं लोगों को दे सकेंगे। इसके अलावा भी अस्पताल परिसर में ही अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अलग से व्यवस्थाएं की जाएगी। विधायक दिलीप शेखावत की माने तो जल्द ही अस्पताल के नवीन कार्यों का टेंडर जारी कर काम प्रारंभ करवा दिया जाएगा। जानकारी देने के दौरान विधायक के साथ नपाध्यक्ष अशोक मालवीय भी मौजूद थे।
विधायक शेखावत के मुताबिक उक्त राशि से अस्पताल परिसर में ही आधा दर्जन नवीन वार्डों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा मरीजों की सुवीधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में पदस्थ चिकित्सकों और स्टॉफ कर्मियों के आवास सुविधा मुहैया कराने के लिए अस्पताल परिसर में ही क्वार्टरों का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि जरुरत के दौरान जल्द से जल्द मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इसके अलावा राशि का उपयोग अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं जैसे एक्स-रे रूम, डॉक्टर और नर्सों दोनों के लिए अलग-अलग कमरों की व्यवस्था, सर्वसुविधायुक्त पैथोलॉजी, ऑपरेशन थियेटर, कांन्फे्रंस हॉल, दवा वितरण कक्ष, ब्लड बैंक, डायलेसिस एवं सोनोग्राफी मशीन के लिए पृथक रूम के अलावा गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए भी आधुनिक संसाधनों से लेस जच्चा-बच्चा वार्ड आदि का निर्माण करवाया जाएगा।
ये सुविधाएं भी मिलेंगी
स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफा के साथ ही नागदा का सरकारी अस्पताल का उन्नयन भी हो जाएगा। विधायक शेखावत ने बताया कि वर्तमान में सरकारी अस्पताल की क्षमता 35 बिस्तरों की है। जो बढ़कर 60 बिस्तरों का हो जाएगा। अस्पताल के उन्नयन से जहां शहरी क्षेत्र के लोगों को इसका फायदा मिलेगा, वहीं नागदा के आसपास के 100 गांवों के लोग भी लाभन्वित होगे। विधायक ने यह भी दावा किया है कि उनके विधायक रहते क्षेत्र में में स्वास्थ्य को लेकर बहुत काम हुए है। सरकारी अस्पताल में उन्होंने एंबुलेंस सुविधा, डिजिटल एक्सरे मशीन, बच्चों की केयर युनिट, डायलेसिस मशीन , स्वाईन फ्लू और डेंगू के लक्षण जांचने की मशीन जैसी कई सुविधाएं सरकारी अस्पताल में उपलब्ध करवाई है।