
पैंगोलिन तस्करी में लिप्त 3 तस्कर गिरफ्तार (Photo source- Patrika)
CG News: छत्तीसगढ़ के जंगलों में वन्यजीवों पर मंडरा रहा खतरा एक बार फिर सामने आया है, लेकिन इस बार वन विभाग ने तस्करों के मंसूबों पर फिल्मी अंदाज में पानी फेर दिया। नारायणपुर जिले में वन विभाग की एक विशेष टीम ने ऑपरेशन चलाकर पैंगोलिन की खाल की अवैध तस्करी में शामिल तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल हो गया।
वन विभाग को मुखबिरों के माध्यम से लगातार सूचना मिल रही थी कि नगर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पैंगोलिन सहित अन्य वन्यजीवों की खालों की अवैध खरीद-बिक्री की योजना बनाई जा रही है। इस इनपुट पर डीएफओ के निर्देश और एसडीओ अशोक सोनवानी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने इलाके में सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की, और जैसे ही संदिग्ध तस्करों का मोबाइल नंबर मिला, उसे कॉल किया गया। कॉल के साथ ही दोनों संदिग्धों के फोन बज उठे, जिससे उनकी पहचान पक्की हो गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान तुलसी राम सलाम, महरू मांडवी और धनु राम बताया। वन विभाग की टीम ने इनके पास से 11.760 किलोग्राम पैंगोलिन की खाल, 4 मोबाइल फोन, 2 दोपहिया वाहन जब्त किया। बरामद खाल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
CG News: तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक बैग में रखी दो पॉलिथीन में छुपाई गई पैंगोलिन की खाल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी का मोबाइल नंबर बताया। वनकर्मियों ने चालाकी से उन्हीं के मोबाइल से संपर्क कर तस्करी की अगली कड़ी तक पहुंच बनाई।
इसके बाद टीम ने बॉस शिल्प के पास से दो और तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से भी पैंगोलिन की खाल बरामद हुई। लेकिन इसी दौरान एक आरोपी मान सिंह, निवासी बेड़मा पाल, मौके का फायदा उठाकर हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। उसका पीछा किया गया, पर वह चकमा देकर निकल गया। पुलिस को उसकी सूचना दे दी गई है और तलाश जारी है।
Updated on:
01 Jun 2025 01:41 pm
Published on:
01 Jun 2025 01:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
