7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेसी विधायक ने नहीं माना अपनी ही सरकार का आदेश २१ रुपए कम पर खरीद रहे गन्ना

पत्रिका एक्सपोज-शासन ने सभी मिलों को २९४ रुपए २० पैसे प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का दिया था आदेश

3 min read
Google source verification
१३ रुपए ५० पैसे प्रति क्विंटल के नुकसान से शुरू हुई मिलों के लिए नरसिंहपुर में गन्ना की खरीदी

narsinghpur

अजय खरे। नरसिंहपुर। सुगर रिकवरी के आधार पर कमलनाथ सरकार ने सुगर मिलों को २९४ रुपए २० पैसे प्रति क्विंटल की दर से गन्ने का भुगतान करने का आदेश दिया था पर यहां इस आदेश का पालन तेंदूखेड़ा से कांगे्रस के विधायक और वंशिका सुगर मिल मालिक संजय शर्मा नहीं कर रहे । जिसकी आड़ में अन्य सुगर मिल मालिक भी किसानों को गन्ने का निर्धारित रेट नहीं दे रहे। अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिस सरकार में सत्तापक्ष के विधायक अपनी ही सरकार का आदेश न मानें तो दूसरों से पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। यहां तीन अन्य मिलों के संचालक भी कांग्रेस पार्टी से संबंध रखते हैं।
२२ जनवरी को जारी किया था आदेश
गन्ना किसानों को शुगर रिकवरी के आधार पर शासन ने २२ जनवरी को 294 रुपए 20 पैसे प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने का आदेश जारी किया था। लेकिन एक सप्ताह बाद भी जिले की एक भी शुगर मिल ने इस रेट से किसानों का गन्ना नहीं खरीदा बल्कि पुराने रेट 273 और २७५ रुपए की दर से खरीदा जा रहा है । गौरतलब है कि गन्ने का यह रेट कृषि मंत्री के निर्देश पर भोपाल और जिला स्तर पर गठित दलों द्वारा यहां के गन्ने की सुगर रिकवरी की जांच के बाद तय किया गया था। उल्लेखनीय है कि कमलनाथ सरकार ने गन्ना किसानों रिकवरी के आधार पर रेट देने और बोनस देने की घोषणा अपने वचन पत्र में की थी।

जिले में आठ शुगर मिलें संचालित हैं जिसमें से वंशिका शुगर मिल के मालिक कांग्रेसी विधायक संजय शर्मा है ंयह मिल तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के बिलगुवां में संचालित होती है । शर्मा की शुगर मिल किसानों से 273 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीद रही है। जो शासन द्वारा निर्धारित दर से २1 रुपए 20 पैसे कम है। जिसकी वजह से किसानों को हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

कलेक्टर ने दिए नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी
22 जनवरी को कलेक्टर कोर्ट द्वारा गन्ने का मूल्य 294 रुपए 20 पैसे प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान करने के आदेश के पालन को लेकर कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा सभी शुगर मिलों में एसडीएम, तहसीलदार व अन्य अधिकारियों को भेज कर जांच कराई गई तो यह पाया गया कि सुगर मिल मालिक इस दर से भुगतान नहीं कर रहे। संजय शर्मा की वंशिका शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड बिलगवां में तहसीलदार ने जांच की तो पाया गया कि वहां 273 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से गन्ना खरीदा जा रहा है। जिस पर कलेक्टर ने नोटिस जारी कर ३१ जनवरी तक लिखित जवाब मांगा है व दांडिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
इसके अलावा राजराजेश्वरी शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड में एसडीएम ने जांच की तो वहां भी 273 के हिसाब से , शुगर मिल करेली शुगर मिल में तहसीलदार द्वारा जांच करने पर, 273 की दर से , आकृति शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड तूमड़ा में ,275 की दर से, शक्ति शुगर मिल में 275 की दर से, रेवा कृपा शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड शाहपुरा भिटौनी में 273 प्रति क्विंटल की दर से, महाकौशल शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड बचई में एसडीएम द्वारा जांच करने पर 273 रुपए प्रति क्विंटल की दर से, नर्मदा शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड ***** चौका में 275 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदने की पुष्टि हुई । इन सभी सुगर मिलों के मालिकों को कलेक्टर कोर्ट ने नोटिस जारी कर 31 जनवरी को उपस्थित होकर नोटिस का लिखित जवाब अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा है।
------------
वर्जन
हमारे द्वारा २७३ रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना क्रय किया जा रहा है। शासन द्वारा निर्धारित २९४ रुपए २० पैसे की दर से भुगतान फिलहाल संभव नहीं है इस बारे में सीएम से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे।
दिनेश सेन संचालक, वंशिका सुगर मिल बिलगुवां
-----------
वर्जन
जिले के किसानों से संबंधित सभी सुगर मिल संचालकों को नोटिस जारी किए हैं, ३१ जनवरी को उनके जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शासन के आदेश का पालन न करने पर दांडिक कार्रवाई की जाएगी।
दीपक सक्सेना, कलेक्टर
------------
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मैथिलीशरण तिवारी से सीधी बात
सवाल-शासन ने २९४ रुपए २० पैसे का रेट तय किया पर आपकी पार्टी के विधायक संजय शर्मा की वंशिका सुगर मिल द्वारा इसका पालन नहीं किया जा रहा।
जवाब- जब सारे मिल मालिक यह रेट देंगे तब संजय की वंशिका मिल भी इस रेट से भुगतान करने लगेगी।
सवाल- जब आपकी पार्टी के विधायक ही अपनी सरकार के आदेश का पालन नहीं करेगी तो दूसरों से कैसे उम्मीद की जा सकती है।
जवाब- मैंने कहा न कि संजय की वंशिका मिल भी २९४ रुपए २० पैसे का रेट जरूर देगी। वे कांग्रेसी विधायक हैं पर इसे सुगर मिल से जोडक़र नहीं देखा जाना चाहिए।
सवाल- दूसरे मिल मालिकों का कहना है जब संजय की मिल यह रेट देगी तभी वे २९४ रुपए २० पैसे की दर से गन्ना खरीदेंगे, दूसरी मिल संचालक संजय की आड़ ले रहे हैं।
जवाब- संजय शर्मा पिछली बार भाजपा से विधायक थे उन्होंने सबसे पहले पूरा भुगतान किया था दूसरे मिल मालिकों को उनसे तुलना नहीं करनी चाहिए।
सवाल- आपकी सरकार ने गन्ना किसानों को न्याय देने की बात वचन पत्र में कही थी, एक सप्ताह बाद भी शासन के आदेश का पालन नहीं किया गया।
जवाब- किसानों को हमारी सरकार के वचन पत्र के अनुसार उचित मूल्य दिया जाएगा, प्रक्रिया चल रही है।
-----------------

बड़ी खबरें

View All

नरसिंहपुर

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग