
सीजेपी का आरोप, आंदोलन में बीजेपी के गुंडों ने की गड़बड़ी, photo- ANI
Delhi Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में कथित गड़बड़ी के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है। दीपके ने दावा किया कि, यह काम बीजेपी के गुंडों ने किया। उन्होंने कहा, मैं पहले दिन से कह रहा था कि बीजेपी गड़बड़ी फैलाने के लिए अपने गुंडों को भेजेगी और उन्होंने ठीक वैसा ही किया। मुझे दुख है कि जिन लोगों ने ये हरकतें कीं, उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाया।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में जिन पुलिस अधिकारियों को निशाना बनाया गया, उनके प्रति उनकी सहानुभूति है। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, "जिन छात्रों को पुलिस अधिकारियों ने बेरहमी से पीटा, उनके परिवारों का क्या?" इसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि आदतन अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन सरकार छात्रों को निशाना बनाने के लिए उन्हीं अपराधियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, बिहार के लोगों ने दिल्ली में कुछ नहीं किया। मुंबई के लोगों ने दिल्ली में कुछ नहीं किया। देश में छात्रों को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही है। ऐसा उन्हें डराने के लिए किया जा रहा है, ताकि वे सरकार से सवाल पूछने या दोबारा विरोध प्रदर्शन करने की हिम्मत न कर सकें।
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि आंदोलन को बिगाड़ने के लिए बीजेपी ने जानबूझकर उपद्रवियों और गुंडों को भेजा। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर भी आरोप लगाया कि वह उपद्रवियों का साथ देने और उन्हें बचाने में लगी रही। उन्होंने कहा कि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को सही ठहराने के लिए गुंडों के माध्यम से पथराव कराया। जिससे हिंसा के दौरान पुलिस की कार्रवाई को सही साबित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और अपनी मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया था। हालांकि, छात्रों के कथित उत्पीड़न को देखते हुए पार्टी ने देशभर में फिर से बड़े और शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी दी है।
Updated on:
31 Jul 2026 04:16 pm
Published on:
31 Jul 2026 03:40 pm
