
लोकसभा में बोल सकते हैं अमित शाह(फोटो-IANS)
Amit Shah: संसद के मॉनसून सत्र में पिछले कई दिनों से जारी गतिरोध के बीच बुधवार, 12 अगस्त को सरकार और विपक्ष के बीच टकराव कुछ कम होने के संकेत मिले हैं। सरकार छात्र मुद्दों पर लोकसभा में चर्चा की अनुमति देने के लिए तैयार दिख रही है। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी सदन में बोलने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमित शाह लोकसभा में बुधवार को छात्र के मुद्दे पर बोल सकते हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही सदन में बयान दे चुके हैं कि गृह मंत्री जवाब देने को तैयार हैं।
इसी बीच विपक्ष ने भी अपनी रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संसद भवन स्थित कार्यालय में मंगलवार को अहम बैठक हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मंगलवार, 11 अगस्त को संसद परिसर में NDA और कांग्रेस सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया। NDA सांसदों ने विपक्ष पर संसद में छात्र मुद्दों पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया, जबकि विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के संसद पहुंचने के दौरान बीजेपी सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान बीजेपी के एक सांसद ने प्रियंका गांधी से सवाल किया कि राहुल गांधी झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात क्यों नहीं कर रहे हैं। विपक्षी सांसद अयोध्या स्थित राम मंदिर से कथित तौर पर चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर चर्चा की मांग भी कर रहे हैं।
छात्र मुद्दों पर प्रस्तावित चर्चा को लेकर NDA सांसद संसद परिसर में पोस्टर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। उनके पोस्टरों पर 'राहुल गांधी, भागो मत' जैसे नारे लिखे थे। NDA सांसदों ने आरोप लगाया कि सरकार छात्र आंदोलनों के मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन INDIA ब्लॉक के दल जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं ताकि इस मुद्दे पर बहस से बचा जा सके।
Updated on:
11 Aug 2026 06:10 pm
Published on:
11 Aug 2026 05:36 pm
