
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo-IANS)
Jammu Kashmir Article 370: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के आज सात साल पूरे हो गए है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस फैसले को जम्मू कश्मीर और लद्दाख के इतिहास में एक निर्णायक नए अध्याय की शुरुआत बताया है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 के बाद से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं।
एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 और 35ए इतिहास बन गए। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल जैसे क्षेत्रों में लोगों के लिए अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान के पूर्ण प्रावधान लागू होने से उन लोगों और समुदायों को भी उनके बुनियादी संवैधानिक अधिकार मिले, जिन्हें दशकों तक इससे वंचित रखा गया था। प्रधानमंत्री ने खास तौर पर महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण का जिक्र किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इस साल देश उनकी 125वीं जयंती मना रहा है और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनका आजीवन समर्पण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है।
पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने दशकों पहले जिस बात की कल्पना की थी, उसका ऐतिहासिक रूप से क्रियान्वयन 5 अगस्त 2019 को हुआ।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर नागरिक को बड़े सपने देखने, उन्हें पूरा करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का अवसर मिले।
बता दें कि 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष दर्जे को समाप्त कर दिया था। इसके साथ ही राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित किया गया था।
वहीं आर्टिकल 370 हटाने के सात साल पूरे होने पर सीएम उमर अब्दुल्ला का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उन सभी एडमिनिस्ट्रेटिव और संवैधानिक बदलावों को पलटने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिनसे इस इलाके के खास अधिकार छीने गए और इसकी खास पहचान को खतरा हुआ।
उन्होंने कहा कि 7 साल हो गए, हम भूले नहीं हैं और हमने समझौता नहीं किया है, अपने मौजूदा हालात को तो और भी कम स्वीकार किया है। मेरी पार्टी और मैं जम्मू कश्मीर के साथ जो कुछ भी किया गया, जिसने हमारे अधिकार छीन लिए और हमारी पहचान को खतरा पहुंचाया, उसे पलटने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Updated on:
05 Aug 2026 01:07 pm
Published on:
05 Aug 2026 01:07 pm
