
52 साल बाद घर में गूंजी बेटी की किलकारी, खुशी से झूम उठा परिवार। (Photo-Instagram/@the_gynaexpert)
नई दिल्ली। कहते हैं कि बेटियां किस्मत वालों के घर ही जन्म लेती हैं। जब किसी आंगन में पांच दशक से ज्यादा समय तक सिर्फ बेटों की किलकारियां ही गूंजी हों, वहां नन्ही परी का कदम पड़ना किसी चमत्कार से कम नहीं लगता। ऐसा ही एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है, जहां 52 साल के लंबे इंतजार के बाद एक परिवार में बेटी का जन्म हुआ है। अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर से जब डॉक्टर नवजात बच्ची को गोद में लेकर बाहर निकलीं, तो परिवार खुशी से झूम उठा। इस खास पल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो को डॉक्टर बेला शाह जैन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, कभी-कभी चमत्कार होने में पीढ़ियां लग जाती हैं। 52 साल तक सिर्फ बेटों का स्वागत करने के बाद, आखिरकार इस परिवार को ईश्वर ने बेटी के रूप में आशीर्वाद दिया है। यह एक ऐसा दिन है जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही डॉक्टर नवजात बच्ची को OT से बाहर लाया गया, परिजनों की आंखें खुशी से छलक पड़ीं और अस्पताल का माहौल जश्न में बदल गया। बच्ची की मां मुस्कान अग्रवाल ने डॉक्टर बेला शाह जैन का आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि हम बेहद भाग्यशाली हैं कि आप हमारी इस यात्रा का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं। आपने इसे हमारे लिए बहुत आसान बना दिया। आप हमारे परिवार के लिए सब कुछ हैं।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखने के बाद लोग भावुक कमेंट्स कर इस परिवार को बधाइयां दे रहे हैं। एक यूजर ने अपनी दादी की बात याद करते हुए लिखा, जब घर में बेटी का जन्म होता है, तो समझो ईश्वर और प्रकृति ने माता-पिता और पूर्वजों के पापों को क्षमा कर दिया है। हर कोई इतना भाग्यशाली नहीं होता कि उसके घर बेटी हो। एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया, 80 साल से भी अधिक समय बाद हमारे परिवार में बेटी का जन्म हुआ था।
Updated on:
31 Jul 2026 03:16 pm
Published on:
31 Jul 2026 03:15 pm
