
भाजपा मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी और जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर
Bankipur bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन NDA के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी की जीत का भरोसा जताया और प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। बीजेपी नेताओं का दावा है कि चुनाव प्रचार का आखिरी दिन प्रशांत किशोर के राजनीतिक सफर का भी आखिरी दिन साबित होगा और बांकीपुर की जनता NDA उम्मीदवार नीरज सिन्हा को ऐतिहासिक बहुमत से जिताने जा रही है ।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार की जीत का दावा करते हुए हुए उन्होंने कहा कि इलाके के लोगों ने पहले ही अपना मन बना लिया है।
मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि आज बांकीपुर में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है और यह प्रशांत किशोर के राजनीतिक करियर का भी आखिरी दिन होगा। आज उनकी राजनीतिक यात्रा खत्म हो रही है। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को जमीन से जुड़ा हुआ पार्टी कार्यकर्ता बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर को हजारों वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ेगा क्योंकि बांकीपुर के लोगों ने नीरज कुमार सिन्हा को पूरा समर्थन देने का वादा किया है।
बिहार विधानसभा के स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने बांकीपुर उपचुनाव में NDA उम्मीदवार की जीत का भरोसा जताया। स्पीकर प्रेम कुमार ने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में NDA उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि पिछले सभी रिकॉर्ड टूट जाएंगे। उन्हें भरोसा है कि नीरज सिन्हा की जीत का अंतर पहले से कहीं ज्यादा होगा और इस बार यह एक लाख वोटों से भी ज्यादा होगा।
NDA के वरिष्ठ नेताओं के दावों और जनसंपर्क अभियानों के दौरान मिले समर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने बांकीपुर के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। खुद को पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता बताते हुए नीरज कुमार सिन्हा ने कहा, "मैं बांकीपुर का एक साधारण कार्यकर्ता हूं। यहां के लोग और हमारी पार्टी के कार्यकर्ता मेरे लिए अभिभावक की तरह हैं। जनसंपर्क अभियानों के दौरान मुझे जो अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला है, वही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। हम बांकीपुर के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।"
Updated on:
28 Jul 2026 02:41 pm
Published on:
28 Jul 2026 02:27 pm
