
(Photo- X/@chshekharbjp)
Telangana BJP: आगामी तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2028 को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ बढ़ाने की रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने राज्य नेतृत्व को एकजुटता, अनुशासन और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि नगर निगम चुनाव विधानसभा चुनावों की तैयारी का आधार बनेंगे।
इस संबंध में सुनील बंसल ने राज्य के नेताओं से कहा कि वे टीम के रूप में काम करें। उन्होंने पार्टी नेताओं से अपने मतभेदों को भुलाकर आगे बढ़ने की अपील की, ताकि भाजपा पांच नगर निगमों (ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम, साइबराबाद, मलकाजगिरी, वारंगल और खम्मम में जीत दर्ज कर सके। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्यों में भाजपा के विस्तार का आधार मजबूत संगठन, अनुशासित कार्यकर्ता और जनता से निरंतर जुड़ाव रहा है, जिसे तेलंगाना में भी अपनाना होगा।
सुनील बंसल ने कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व संगठनात्मक गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है। अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, 'भाजपा में कोई पुराना या नया नेता नहीं होता। जो भी पार्टी में आता है, वह भाजपा परिवार का हिस्सा बन जाता है।'
भाजपा के राज्य पदाधिकारियों की बैठक में राज्य प्रभारी अभय पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार, राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण, सांसद रेखा शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति के तहत संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश महासचिव डॉ एन गौतम राव ने बताया कि बंसल के मार्गदर्शन में पांचों नगर निगमों में भाजपा का विस्तार करने, स्थानीय इकाइयों को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर लगातार आंदोलन चलाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। नेताओं को निर्वाचन आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत घर-घर मतदाता सर्वेक्षण 3 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
भाजपा का मानना है कि नगर निगम चुनावों में मजबूत प्रदर्शन आगामी तेलंगाना विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक माहौल तैयार करेगा। इसी उद्देश्य से पार्टी अगले तीन महीनों में राज्य सरकार की नीतियों और कथित अधूरे वादों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाकर अपने जनाधार को और मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है।
Updated on:
26 Jul 2026 02:01 pm
Published on:
26 Jul 2026 02:01 pm
