
नेताओं संंग फिल्म देखने जाएंगे नितिन नवीन (फोटो- IANS)
नितिन नवीन भाजपा के 12वें अध्यक्ष बन गए हैं। 20 जनवरी को उनकी ताजपोशी हुई। नितिन नवीन की ताजपोशी के दौरान पीएम मोदी ने उन्हें अपना बॉस बताया था। बीजेपी अध्यक्ष बनते ही नितिन नवीन ने ताबड़तोड़ मीटिंग की। आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और संगठन महामंत्रियों से मुलाकात की। नेताओं ने उन्हें रिपोर्ट पेश की। मीटिंग का दौर खत्म होने के बाद नए अध्यक्ष व पार्टी ने फिल्म देखने का प्लान बनाया है।
बीजेपी ने वीकेंड पर फिल्म बॉर्डर 2 की एक स्पेशल स्क्रीनिंग प्लान की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित "कुछ सीनियर नेता" डिलाइट डायमंड सिनेमा में सुबह की स्क्रीनिंग देखने वाले हैं। यह शो पार्टी की दिल्ली यूनिट द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसमें शामिल होने वाले कई संभावित लोग उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें शो के दौरान पार्टी के सीनियर नेताओं, जिसमें उनके नए पार्टी अध्यक्ष भी शामिल हैं। अनौपचारिक रूप से बातचीत करने का मौका मिलेगा।
नितिन नवीन एक ऐसे समय में अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ फिल्म देखने की योजना बना रहे हैं। जब उनकी पार्टी केंद्र के साथ-साथ पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण में कई राज्यों में सरकार में है, लेकिन एक ऐसा भी वक्त था जब उनकी पार्टी के दो सबसे नेता चुनाव हारने के बाद सिनेमा हॉल पहुंचे थे।
भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री व बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष लाल कृष्ण आडवाणी ने एक बार मीडिया संग बातचीत में बताया था कि वह और अटल बिहारी चुनाव हारने के बाद फिल्म देखने पहुंचे गए थे। आडवाणी ने कहा था, तब हम जनसंघ में थे। दिल्ली में नयाबांस का उपचुनाव था। हमने कड़ी मेहनत की थी, लेकिन हम चुनाव हार गए। हम दोनों दुखी थे। ऐसे समय में भी अटल बिहारी वाजपेयी को फिल्म देखने की सूझी थी। उन्होंने मुझसे कहा कि चलो, कहीं सिनेमा देख आएं। अजमेरी गेट में हमारा कार्यालय था और पास ही पहाड़गंज में थिएटर। नहीं मालूम था कि कौन-सी फिल्म लगी है। पहुंचकर देखा तो राज कपूर की फिल्म थी- ‘फिर सुबह होगी’। मैंने अटलजी से कहा, ‘आज हम हारे हैं, लेकिन आप देखिएगा सुबह जरूर होगी।’
इस किस्से का जिक्र पीएम मोदी ने राज कपूर की 100 जयंती पर किया था। दरअसल, राज कपूर की 100वीं जयंती पर पूरा कपूर परिवार पीएम मोदी से मिलने पहुंचा था। उस दौरान पीएम मोदी ने आगे कहा कि जनसंघ के दो नेता पराजय के बाद जाते हैं और मूवी देखते हैं- ‘फिर सुबह होगी’ और देखिए आज फिर सुबह हुई।
Published on:
23 Jan 2026 10:20 am
