
विपक्षी सांसदों ने काले कपड़े पहनकर किया प्रदर्शन (Photo-IANS)
Congress Protest: संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को भी नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुई लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष का विरोध जारी रहा। काले कपड़े पहनकर विपक्ष संसद पहुंचा। वहीं संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद वेणुगोपाल ने कहा कि हमारा नेता डरने वाला नहीं है। वह अपने लिए लड़ सकता है। मोदी राहुल गांधी को खत्म करना चाहते हैं, तो उन्हें कोशिश करने दो। मोदी ने कल पुलिस भेजी। क्या विपक्ष के लीडर के साथ ऐसा बर्ताव करना चाहिए?
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पिछले 3 दिनों से हम NEET एग्जाम पेपर लीक पर चर्चा और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एडजर्नमेंट मोशन ला रहे हैं। लेकिन सरकार हमारी मांग नहीं मान रही है। कल, जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन किस नियम के तहत?
उन्होंने कहा कि यह सरकार इस मुद्दे पर इनसेंसिटिव क्यों है? उन्हें स्ट्रक्चर्ड डिबेट करने से क्या रोक रहा है? हम तीन मांगों पर अपना आंदोलन जारी रखेंगे - NEET पेपर लीक, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और स्टूडेंट्स के खिलाफ FIR वापस लेना। हमें पुलिस जैसी सेंट्रल एजेंसियों से इस तरह के बुरे रवैये की उम्मीद है, लेकिन हम इसे संभालने में सक्षम हैं। हम स्टूडेंट्स के लिए लड़ेंगे।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पेपर लीक का मामला अब पूरे देश की चिंता बन चुका है, लेकिन केंद्र सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि देश के हर गांव और हर परिवार में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है, फिर भी सरकार संवेदनशीलता नहीं दिखा रही।
पेपर लीक मामले और छात्रों के समर्थन में विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं और उनकी मांग पूरी तरह जायज है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के मुद्दे पर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का बजट 1.4 लाख करोड़ रुपये है, जबकि अडानी और अंबानी के 16 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए जा रहे हैं। बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना अलोकतांत्रिक नहीं है, लेकिन छात्रों और संसद के भीतर जो हो रहा है, वह लोकतंत्र के खिलाफ है।
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि सभी विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर छात्रों के साथ हुई कार्रवाई, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और छात्रों के आंदोलन पर सरकार के रवैये के खिलाफ विरोध जता रहे हैं।
Updated on:
22 Jul 2026 01:00 pm
Published on:
22 Jul 2026 12:59 pm
