
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान । (Photo- IANS)
Disha Salian Death Case: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की रहस्यमयी मौत का मामला बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के बाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दरअसल, बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई (CBI) को सौंपने का निर्देश दिया है। यह फैसला मृतका दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की याचिका पर आया है। वह पिछले कई वर्षों से इस मामले को उठा रहे हैं और साजिश की आशंका जताते रहे हैं।
बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के बाद सतीश सालियान ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं छह साल से इसका इंतजार कर रहा था। मैं छह साल से इंतजार कर रहा हूं और खुश होने की कोई वजह नहीं है। मैंने अपनी बेटी खोई है। आज मुझे राहत महसूस हो रही है। बस इतना ही… मैंने हाथ जोड़कर जज के प्रति आभार व्यक्त किया।'
सतीश सालियान के वकील निलेश ओझा ने बताया, 'कोर्ट ने सीबीआई को सतीश सालियान का बयान दर्ज करने, एफआईआर दर्ज करने और जांच के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया है। साथ ही मालवणी पुलिस स्टेशन को सभी रिकॉर्ड सीबीआई को सौंपने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, जांच में जिसके खिलाफ भी सबूत मिलेंगे, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी के खिलाफ सबूत नहीं मिलता है तो उसे आरोपी नहीं बनाया जाएगा।'
ओझा ने आगे कहा, 'अगर सीबीआई नकारात्मक रिपोर्ट (क्लोजर रिपोर्ट) दाखिल करती है, तो हमें उस पर आपत्ति जताने और विरोध याचिका दायर करने का अधिकार होगा। अदालत ने अपने आदेश में इसे स्पष्ट रूप से कहा है। मैं अदालत का आभार व्यक्त करता हूं।'
बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा, 'आखिरकार न्यायपालिका ने दिशा सालियान के परिवार को न्याय दिया है। भगवान के दरबार में देर हो सकती है, लेकिन अन्याय नहीं होता। दिशा सालियान के पिता खुद कह रहे हैं कि उनकी बेटी की सिर्फ मौत नहीं हुई, बल्कि उसे प्रताड़ित किया गया, परेशान किया गया और उसकी हत्या की गई।'
आपको बता दें कि दिशा सालियान का शव 8 जून 2020 को मिला था। यह घटना अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से कुछ दिन पहले हुई थी। सुशांत सिंह राजपूत का शव मुंबई के बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में मिला था।
Updated on:
02 Sept 2026 12:35 pm
Published on:
02 Sept 2026 12:35 pm
