
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (Photo-IANS)
Jagdeep Dhankhar Government Residence: उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के एक साल से अधिक समय बाद भी जगदीप धनखड़ को अब तक सरकारी आवास आवंटित नहीं हुआ है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, धनखड़ दिल्ली के छतरपुर स्थित इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) नेता अभय सिंह चौटाला के निजी फार्महाउस में रह रहे हैं।
रिपोर्ट में प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के हवाले से लिखा कि जगदीप धनखड़ को अब तक कोई सरकारी आवास आवंटित नहीं किया गया है। वहीं, धनखड़ के कार्यालय ने इस सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की कि उपराष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद उनके लिए सरकारी आवास के आवंटन का कोई प्रस्ताव भेजा गया था या नहीं।
बता दें कि जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 की शाम अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे अपने इस्तीफे में स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया था। उन्होंने कहा था कि वह स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देना चाहते हैं और चिकित्सकीय सलाह का पालन करेंगे।
दरअसल, धनखड़ का इस्तीफा ऐसे समय आया था, जब उन्होंने राज्य सभा में विपक्ष की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ जांच समिति गठित करने संबंधी प्रस्ताव स्वीकार किया था। इससे पहले लोकसभा में भी सभी दलों के समर्थन वाला इसी तरह का प्रस्ताव स्वीकार किया जा चुका था।
हालांकि, विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया था कि धनखड़ को पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया।
उपराष्ट्रपति की पेंशन, आवास और अन्य सुविधाओं से जुड़े नियमों के तहत सेवानिवृत्त उपराष्ट्रपति को जीवनभर बिना किराए के सुसज्जित सरकारी आवास दिए जाने का प्रावधान है। उन्हें देश में अपनी पसंद के स्थान पर आवास लेने का अधिकार है और इसके लिए पानी व बिजली का शुल्क भी नहीं देना होता।
सरकारी आवास उपलब्ध होने की स्थिति में पूर्व उपराष्ट्रपति को टाइप-VIII बंगला आवंटित किया जाता है। यदि किसी स्थान पर टाइप-VIII आवास उपलब्ध नहीं है, तो वहां उपलब्ध सबसे उच्च श्रेणी का सरकारी आवास दिया जा सकता है। अगर किसी स्थान पर सरकारी आवास उपलब्ध नहीं है, तो केंद्र सरकार करीब 2,000 वर्ग फुट के रहने योग्य क्षेत्र वाला आवास लीज पर भी ले सकती है।
पूर्व उपराष्ट्रपति का आवास सामान्य पूल/जनरल पूल रेजिडेंशियल एकोमोडेशन (GPRA) के तहत विशेष पात्रता के आधार पर तय होता है। इसके लिए पूर्व उपराष्ट्रपति को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) को अनुरोध देना होता है।
MoHUA के अधिकारियों के अनुसार, राजधानी विकास के लिए हाल में गठित नए सचिवालय को धनखड़ की ओर से आवास के संबंध में किसी अनुरोध की जानकारी नहीं है।
बता दें कि जगगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के करीब छह सप्ताह बाद 1 सितंबर 2025 को अभय सिंह चौटाला के फार्महाउस में रहना शुरू किया था। अभय चौटाला हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के बेटे हैं।
धनखड़ के करीबी लोगों ने उस समय इसे अस्थायी व्यवस्था बताया था। हालांकि, एक साल बीतने के बाद भी वह इसी निजी फार्महाउस में रह रहे हैं।
जगदीप धनखड़ देश के पहले उपराष्ट्रपति थे, जो चर्च रोड स्थित नवनिर्मित VP एन्क्लेव में रहे। उनके पद छोड़ने के कुछ महीने बाद संपदा विभाग के अधिकारियों ने संकेत दिया था कि उनके लिए लुटियंस दिल्ली के सबसे बड़े सरकारी आवासों में शामिल टाइप-VIII बंगला तैयार रखा गया था।
हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मामले पर कोई जवाब नहीं दिया। वहीं, संपदा निदेशालय के अधिकारियों ने कहा कि अगर धनखड़ के सरकारी आवास के लिए कोई अनुरोध किया गया है, तो संभव है कि वह मंत्री स्तर पर शुरू किया गया हो। हालांकि, इसकी जानकारी अभी तक संपदा निदेशालय को नहीं दी गई है।
Updated on:
02 Sept 2026 10:56 am
Published on:
02 Sept 2026 10:56 am
