
उमर अब्दुल्ला(फोटो-IANS)
Viral social media video from Kashmir: कश्मीर-लद्दाख सड़क पर सुरक्षा बलों से बहस करती हुई एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला सड़क पर सुरक्षा पांबदियों को लेकर सेना और पुलिस के जवानों से त-तड़ाक करती हुई नजर आ रही है। एक्स पर शेयर किए जा रहे कुछ पोस्ट के अनुसार, सुरक्षा कारणों के मद्देनजर जोजिला-गुमरी मार्ग पर अस्थाई रूप से ट्रैफिक को रोका गया था। इसके चलते पर्यटक घंटों जाम में फंस गए।
जाम से परेशान होकर एक युवती ने वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों पर गुस्सा निकाला। वायरल वीडियो में युवती कहती हुई दिख रही हैं कि "We are Gen-Z, we won't tolerate this nonsense" (हम जेन-जी हैं, हम यह बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे)। उन्होंने आगे कहा कि पहले कश्मीरियों के साथ तो करते ही थे, अब पर्यटकों के साथ भी ऐसा करने लग गए हैं। उसने टैक्स और सेना के वेतन को लेकर भी बहस की और मामले को संसद तक ले जाने की बात कही।
अब इस वायरल वीडियो पर जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी प्रतिक्रिया दी है। वायरल वीडियो को एक्स पर रिपोस्ट करते हुए उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि "We are Gen Z" अब नया "जानते नहीं मेरा बाप कौन है" बन गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह सेना से उलझने के लिए जेन जी पीढ़ी के नाम का इस्तेमाल करने से युवाओं की साख खराब होगी। उधर, मामले को लेकर भारतीय सेना ने साफ किया कि ये चेक पोस्ट जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा लगाई गई थी।
सिक्योरिटी एनालिस्ट नितिन गोखले ने एक्स पर लिखा कि Gen Z क्या है? इस तरह का हक जताने वाला और बदतमीज़ व्यवहार किसी भी पीढ़ी में मंज़ूर नहीं किया जा सकता। यही लोग बर्फ़ से घिरे रास्तों या ऊंचाई वाली सड़कों पर फँसने पर मदद के लिए गुहार लगाएंगे और वही सुरक्षाकर्मी (ज़्यादातर सेना, BRO और पुलिस) निस्वार्थ भाव से उनकी मदद करेंगे। और अगर आपको नियमों, कायदों और कानूनों की ज़रा भी जानकारी नहीं है, तो सरकारी गाड़ियों को गुज़रने से न रोकें! ड्यूटी पर तैनात सरकारी अधिकारियों के काम में रुकावट डालने के लिए किसी दूर-दराज़ के थाने में दर्ज एक FIR ऐसा सबक सिखाएगी जिसे आप लंबे समय तक याद रखेंगे।
Updated on:
19 Aug 2026 07:32 pm
Published on:
19 Aug 2026 06:42 pm
