
देशभर में बारिश का कहर जारी। (इमेज सोर्स: पीटीआई और imd)
देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बादल जमकर बरसेंगे। इन इलाकों में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बाढ़ व भूस्खलन का डर बना हुआ है, इसलिए लोगों को खासतौर पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वी भारत के राज्य भी बारिश की जबरदस्त मार से नहीं बच पाएंगे। मंगलवार को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगह तेज बारिश होने का अनुमान है। झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में भी भारी बरसात हो सकती है। ओडिशा और गंगा से सटे बंगाल के इलाकों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। नदियों का पानी बढ़ने और निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिम भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मध्य महाराष्ट्र में 4 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, जबकि गुजरात और सौराष्ट्र में हल्की से मध्यम बरसात का अनुमान है। IMD ने साफ कहा है कि पूरे महाराष्ट्र में अगले चार दिन तक बारिश थमने वाली नहीं, खासकर कोंकण तट, घाट इलाकों और विदर्भ में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
उत्तर और मध्य भारत में मौसम थोड़ा शांत रहने की उम्मीद है, पर बारिश का दौर पूरी तरह थमेगा नहीं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड से लेकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कई जगह अच्छी बरसात के आसार हैं।
दक्षिण भारत में केरल के साथ तटीय और दक्षिण भीतरी कर्नाटक में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ हवाएं तेज रह सकती हैं। मौसम विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
Updated on:
03 Aug 2026 09:26 pm
Published on:
03 Aug 2026 09:26 pm
