
Income Tax Raid In More Than 100 Places In Country Over Political Funding From Delhi UP To Rajasthan
सीबीआई और ईडी की कार्रवाई के बीच देशभर में आयकर विभाग का बड़ा एक्शन सामने आया है। देश के सात राज्यों के 100 से ज्यादा स्थानों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की छापेमारी जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक, पॉलिटिकल फंडिंग मामले में इनकम टैक्स ने ये एक्शन लिया है। दिल्ली से लेकर उत्तराखंड और राजस्थान जैसे राज्यों में आईटी की टीमें पहुंचीं हैं। बताया गया है कि दिल्ली के कई कारोबारी टैक्स चोरी के मामले में इनकम टैक्स के रडार पर हैं। राजस्थान के जयपुर में भी कारोबारियों के ठिकानों पर रेड हुई हैं।
राजस्थान में निशाने पर रसूखदार
आयकर विभाग की इस छापेमारी में कई राज्यों के रसूखदार निशाने पर हैं। इसी कड़ी में राजस्थान में मिड डे मील में कमाई करने वालों पर इनकम टैक्स की छापेमारी चल रही है।
अकेले राजस्थान की 53 जगहों पर पहुंची IT टीम
अशोक गहलोत सरकार में गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव और मिड डे मील कारोबारी समूह पर इनकम टैक्स ने रेड की है। मंत्री राजेंद्र यादव की कोट पुतली में पोषाहार बनाने की फैक्ट्री है। यहां कुल 53 जगहों पर अब तक आईटी की टीमें पहुंचीं हैं।
यह भी पढ़ें - IT RAID: शराब-स्टील कारोबारियों के विभिन्न ठिकानों पर छापा
बताया जा रहा है कि, इस छापेमारी में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं। वहीं 100 वाहनों का भी आयकर रेड में इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं आईटी ऑफिसर्स ने CRPF के जवानों को भी सुरक्षा के लिए साथ लिया है।
इन राज्यों में आयकर विभाग का एक्शन
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से जिन राज्यों में एक्शन जारी है। उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हरियाणा और गुजरात प्रमुख रूप से शामिल है।
इनकम टैक्स की ये कार्रवाई छोटी राजनीतिक पार्टियों से जुड़ी है, जिन्होंने लोगों से चंदा लिया और बाद में कैश लौटाया। चुनाव आयोग की रिपोर्ट के बाद आयकर विभाग हरकत में आया है। बताया जा रहा है कि, इनमें कुछ कारोबारी निशाने पर हैं, जिन्होंने एंट्री ऑपरेटर्स के लिए पॉलिटिकल पार्टीज को चंदा दिया।
यह भी पढ़ें - Income Tax Raid in Jaipur: आयकर विभाग का जयपुर के बड़े कारोबारी समूह छापा
Published on:
7 Sep 2022, 11:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.