
झारखंड में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी। राइफल, कारतूस और IED समेत भारी जखीरा जब्त। (सोर्स-आईएएनएस)
Jharkhand Naxal Operation: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी-नक्सल ऑपरेशन के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। इस कार्रवाई में 317 जिंदा कारतूस, राइफलें, मैगजीन, एक IED और डेटोनेटर मिला है। संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के दौरान यह बरामदगी की।
यह ऑपरेशन जिला पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने मिलकर चलाया। तलाशी अभियान कुचाई और चांडिल थाना क्षेत्र के जंगलों में किया गया। सुरक्षा बलों को यह सफलता हाल में गिरफ्तार किए गए माओवादियों से पूछताछ के बाद मिली।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जंगल में छिपाए गए हथियारों और कथित ठिकानों के बारे में अहम जानकारी सामने आई थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सिक्रमा जंगल और चांडिल के आसनबनी गांव के ऊपर दलमा जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को कई तरह के हथियार मिले। इनमें दो .303 राइफल, एक देसी पिस्टल, एक INSAS 5.56 एमएम राइफल और एक SLR 7.62 एमएम राइफल शामिल है। इसके अलावा तीन SLR मैगजीन, चार INSAS मैगजीन और तीन .303 राइफल मैगजीन भी बरामद की गईं। 9 एमएम पिस्टल की दो मैगजीन भी मिली हैं।
गोला-बारूद का जखीरा भी काफी बड़ा था। सुरक्षा बलों को 7.62 एमएम के 171 कारतूस मिले। 5.56 एमएम के 126 कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा 9 एमएम के 12 और .303 के 8 कारतूस मिले। कुल 317 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को जंगल में छिपाकर रखा गया एक IED भी मिला। इसके साथ एक डेटोनेटर भी बरामद हुआ। सूचना मिलते ही बम डिस्पोजल स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। टीम ने IED को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। इससे किसी तरह की अनहोनी टल गई।
इस कार्रवाई में सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस और SSB की रांची स्थित 26वीं बटालियन शामिल रही। कुचाई, चांडिल, नीमडीह और सरायकेला थानों की पुलिस टीमों ने भी सर्च ऑपरेशन में हिस्सा लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रघु सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार और मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि रघु CPI (माओवादी) की रीजनल कमेटी और पश्चिम बंगाल-झारखंड-ओडिशा बॉर्डर कमेटी से जुड़ा था। मीना पहाड़िया को संगठन की सब-जोनल कमांडर बताया गया है।
Updated on:
11 Sept 2026 06:59 pm
Published on:
11 Sept 2026 06:59 pm
