झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को एक कार्यक्रम में 1 से 30 सितंबर तक चलने वाले सातवें राष्ट्रीय पोषण माह का समापन किया गया। राज्यपाल संतोष गंगवार और केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कार्यक्रम में शिरकत की। राज्यपाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "यदि हमने परिवार में मां-बहन की चिंता नहीं की तो यह समस्या ऐसी है कि इसका कोई इलाज भी नहीं है। इसलिए भारत सरकार ने यह अभियान शुरू कर एक अच्छा काम किया है, क्योंकि हमारी अगली पीढ़ी कैसी होगी, यह इस अभियान पर काफी हद तक निर्भर करता है। आज के दौर में स्वस्थ मन, सशक्त शरीर और उचित पोषण जरूरी है।"