
झारखंड छात्र आंदोलन(फोटो-X/@Mukesh_Ranchi)
JPSC JSSC Protest: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हजारों छात्र सोमवार, 10 अगस्त को सुरक्षा घेरा तोड़कर विधानसभा के गेट नंबर-1 तक पहुंच गए। इससे पहले छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज, वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। विधानसभा के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रदर्शनकारी छात्रों के विधानसभा के गेट तक पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। गेट नंबर-1 से मुख्यमंत्री समेत विधानसभा आने-जाने वाले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की आवाजाही होती है। छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने प्रदर्शन की स्थिति को लेकर कहा कि प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। पारस राणा ने कहा कि प्रोटेस्ट करें, क्योंकि अब ऐसे कई लोग हैं जो किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। वे न तो JPSC सुधार मंच की बात सुन रहे हैं और न ही न्याय मंच की। वे किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं।
इस बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार के साथ आगे बातचीत को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के किसी मंत्री या सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ अब बातचीत नहीं होगी। आगे की बातचीत सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होगी। महतो के मुताबिक, छात्रों और सरकार के बीच पहले ही तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन इनका कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। उनका कहना है कि अब सरकार को छात्रों की मांगों पर फैसला लेना होगा।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत के लिए अब कुछ बाकी नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर छात्रों की मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने कहा कि सरकार से अब क्या बात करनी बाकी है? बातचीत के तीन दौर पहले ही हो चुके हैं, अब चर्चा के लिए कुछ नहीं बचा है। सरकार को हमारी मांगें पूरी करनी होंगी, वरना ये नाराज छात्र सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच जाएंगे। अगर छात्रों की मांगें नहीं मानी गईं, तो सत्ता की कुर्सी हिल सकती है। महतो ने कहा कि छात्रों का आक्रोश अब दबाया नहीं जा सकता और आंदोलन एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
Updated on:
10 Aug 2026 05:39 pm
Published on:
10 Aug 2026 05:13 pm
