
केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया खुलासा (X/@venom1s)
Ketan Agarwal Murder Case New Twist: केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिया के मंगेतर केतन को पहले से शक था कि सिया और चेतन के बीच लव अफेयर है। इस मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच और क्राइम सीन रीक्रिएशन में कई अहम बातें सामने आई हैं, जिनसे पूरे हत्याकांड की साजिश और योजना की परतें खुलती नजर आ रही हैं।
पुलिस ने हाल ही में सिया गोयल को लोहागढ़ किले लेकर जाकर करीब तीन घंटे तक पूरे घटनाक्रम का रीक्रिएशन कराया। इस दौरान पुलिस ने यह समझने की कोशिश की कि घटना किस तरह अंजाम दी गई और इसमें दोनों आरोपियों की क्या भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रीक्रिएशन में वारदात की जगह, आरोपियों की पोजिशन और उनके मूवमेंट को दोबारा समझने की कोशिश की गई, ताकि हर कड़ी को जोड़ा जा सके।
हत्याकांड मामले में आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी को आज वडगांव कोर्ट में पेश किया जाएगा। दोनों अभी पुलिस हिरासत में हैं। पूछताछ के बाद पुलिस उनकी रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन ने वारदात से पहले लोहागढ़ किले की रेकी की थी। दोनों ने उस जगह की पहचान की थी, जहां से केतन को आसानी से खाई में धक्का दिया जा सके। इतना ही नहीं, जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों ने घटना से पहले वहां अभ्यास भी किया था, हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि उन्होंने किस स्थान पर और किस तरह यह तैयारी की थी।
जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि कथित तौर पर सिया ने एक खास सीक्रेट सिग्नल का इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत जैसे ही सिया बैठती, यह चेतन के लिए संकेत होता कि अब केतन को खाई में धक्का देना है। बताया जा रहा है कि सिया ने पहले से यह तय कर रखा था कि वह पानी पीने या जूते के फीते बांधने जैसे बहाने से बैठेगी, ताकि किसी को शक न हो।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। चेतन चौधरी को भी जल्द ही मौके पर ले जाकर अलग से क्राइम सीन रीक्रिएशन कराने की तैयारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को जोड़कर ही पूरी साजिश की तस्वीर साफ हो पाएगी।
Updated on:
29 Jun 2026 11:34 am
Published on:
29 Jun 2026 10:55 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
