
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर साधा निशाना (Photo-IANS)
Opposition Parliament Protest: संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के विरोध-प्रदर्शन से जुड़े पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है और गृह मंत्री अमित शाह भी जवाब देने के लिए तैयार थे, लेकिन विपक्ष चर्चा नहीं होने दे रहा।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार ने सोमवार को ही विपक्ष के सामने प्रस्ताव रखा था कि छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम पर हर पहलू पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार की ओर से जवाब भी तैयार था और गृह मंत्री अमित शाह भी सदन में जवाब देने के लिए तैयार थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चर्चा से बच रही है। रिजिजू के मुताबिक, मंगलवार को भी सरकार चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन कांग्रेस के सांसद सदन के बाहर नारेबाजी करते रहे और चर्चा को आगे नहीं बढ़ने दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी शुरुआत से ही गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम कह रहे हैं कि पूरी तरह से चर्चा हो और हर मुद्दे पर जवाब दिया जाए। जब विस्तृत चर्चा होगी, तो हर बात स्पष्ट हो जाएगी।
रिजिजू ने कहा कि देश की जनता के सामने यह स्पष्ट है कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, जबकि कांग्रेस चर्चा से पीछे हट रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण भी बताया और कहा कि मानसून सत्र समाप्ति की ओर है और सरकार ने छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा का प्रस्ताव दिया है।
झारखंड में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के सवाल पर किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस और JMM गठबंधन की सरकार है। रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी इसका जवाब दे सकते हैं, मैं नहीं।
विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि फिलहाल मुद्दा छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर चर्चा का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इसी विषय पर सदन में विस्तृत चर्चा और जवाब के लिए तैयार है।
Updated on:
11 Aug 2026 05:57 pm
Published on:
11 Aug 2026 05:57 pm
