
उपशी डैम, लद्दाख (फोटो- X @india_plus_)
Ladakh check dam: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से सिंधु जल संधि स्थगित करने के नतीजे सामने आने लगे हैं और पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ने जा रही है। भारत ने बड़ा रणनीतिक कदम उठाते हुए लद्दाख के उपशी में सिंधु नदी पर पहला चेक डेम तैयार कर लिया है। पाकिस्तान जाते सिंधु नदी के पानी को रोककर बनाए गए डैम में 10 फीट पानी भी आ चुका है।
जानकार सूत्रों के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की सिंधु नदी पर 36 और चेक डेम बनाने की तैयारी है जिसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे गए हैं। लद्दाख के किसानों को अक्सर वसंत ऋतु में बुवाई के समय पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह डैम खेतों में हरियाली लाएगा। डैम में जलस्तर 10 फीट तक बढ़ने से 'इगू फे नहर' के माध्यम से पानी को आसपास के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। उपशी परियोजना के आगे बढ़ने के साथ ही लद्दाख में इसी तरह की जल संरक्षण योजनाओं को व्यापक स्तर पर लागू करने की तैयारी की जा रही है।
उपशी में निर्मित डैम का पायलट प्रोजेक्ट लद्दाख में जल सुरक्षा को मजबूत करने की व्यापक योजना की शुरुआत है। सूत्रों ने बताया कि पूरे लद्दाख में सिंधु नदी पर 36 और डैम बनाए जाएंगे जिनमें से लेह में 7 हिमालयन रॉक चेक डैम और करगिल में 29 चेक डैम बनाए जाएंगे। करगिल जिले में सिंधु नदी बटालिक सेक्टर से होते हुए बहती है। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत 56 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय को इसके प्रस्ताव भेजे गए हैं।
पाकिस्तान को रणनीतिक संदेशस्थगित की गई सिंधु जल संधि के तहत पूरी तरह से पाकिस्तान के उपयोग वाली सिंधु नदी पर चेक डैम निर्माण की शुरुआत कर भारत ने पाक को स्पष्ट व सख्त रणनीतिक संदेश दिया है। यह स्पष्ट किया गया है कि जल संधि स्थगन केवल घोषणात्मक कदम नहीं बल्कि वह सिंधु के पानी के इस्तेमाल के लिए योजनाएं बनाकर उसे पूरा करेगा। इससे पाकिस्तान की परेशानियां बढ़ेगी।
Updated on:
07 Sept 2026 06:48 am
Published on:
07 Sept 2026 06:43 am
