
प्रतीकात्मक तस्वीर
Maharashtra Earthquake: महाराष्ट्र के नासिक और आस-पास के इलाकों में शनिवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गई। इस घटना से स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस भूकंप से किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान या संपत्ति की क्षति की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भूकंप शनिवार 25 जुलाई 2026 को सुबह 09:55:26 बजे दर्ज किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 थी। हालांकि यह कम से मध्यम तीव्रता का भूकंप था, लेकिन झटके साफ महसूस किए गए, जिससे कई लोग अपने घरों और बिल्डिंग से बाहर निकल आए।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र नासिक शहर से लगभग 44 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम (NNW) में था। भूकंप जमीन की सतह से सिर्फ 5 किलोमीटर की गहराई पर आया था। इतनी कम गहराई के कारण ही जमीन पर झटके साफ महसूस किए गए।
नासिक में झटके महसूस किए जाने से महज 12 मिनट पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में भी इसी तरह के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, छिंदवाड़ा में सुबह 09:43:04 बजे भूकंप के झटके आए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.3 दर्ज की गई। छिंदवाड़ा में आए इस भूकंप भी जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में ही स्थित था।
अगर भूकंप आने पर आप किसी घर या बिल्डिंग के अंदर हैं, तो घबराएं नहीं। इसके बजाय, 'ड्रॉप, कवर और होल्ड ऑन' के नियम का पालन करें। तुरंत घुटनों के बल झुक जाएं, अपने सिर और गर्दन को बचाने के लिए किसी मजबूत मेज या डेस्क के नीचे छिप जाएं और जब तक झटके बंद न हों, तब तक मेज के पैरों को मजबूती से पकड़े रहें।
अगर भूकंप के समय आप बाहर या सड़क पर हैं, तो तुरंत बिल्डिंग, पेड़ों, फ्लाईओवर और बिजली के खंभों से दूर किसी खुली जगह पर चले जाएं। अगर आप गाड़ी चला रहे हैं, तो अपनी गाड़ी को किसी सुरक्षित, खुली जगह पर रोकें और झटके बंद होने तक अंदर ही रहें।
Updated on:
25 Jul 2026 10:58 am
Published on:
25 Jul 2026 10:28 am
