
सुरक्षाबलों की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- आईएएनएस
Mizoram And Manipur Drug Trafficking: मिजोरम और मणिपुर में सुरक्षा बलों ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.68 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की मेथामफेटामाइन टैबलेट और हेरोइन जब्त की है। अलग-अलग अभियानों में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार जब्त नशीले पदार्थों को म्यांमार से जुड़े तस्करी नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाया जाना था। मिजोरम के सैतुअल जिले में असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर मिमबुंग-कावल्बेम-नगोपास के टी-जंक्शन इलाके में संयुक्त अभियान चलाया।
इस दौरान एक तस्कर को पकड़ा गया। उसकी तलाशी में 2.285 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट बरामद हुई। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.83 करोड़ रुपए बताई गई है। आरोपी और जब्त नशीले पदार्थ को आगे की कार्रवाई के लिए नगोपा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया।एक अन्य कार्रवाई में असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने चंफाई जिले के जोखावतार क्षेत्र में आयरन गेट के पास अभियान चलाया। यह इलाका म्यांमार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता है।
संयुक्त टीम ने एक तस्कर को पकड़ा और उसके पास से 28 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसकी कीमत करीब 5.6 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी और जब्त हेरोइन को जोखावतार पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। मणिपुर के सेनापति जिले में राज्य पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों असम के गोलपाड़ा जिले के रहने वाले हैं। उनके पास से 2.3 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट बरामद हुई, जो 10 पैकेट में रखी थी। इसकी अनुमानित कीमत 1.80 करोड़ रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहिम अली (23) और अनवर हुसैन लश्कर (48) के रूप में हुई है। जांच के बाद उनके एक अन्य साथी इम्फाल के मायाई लेइकाई निवासी मोहम्मद नवाज खान को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से बोलेरो वाहन और 5,000 रुपए नकद भी बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार मिजोरम और मणिपुर म्यांमार से लगती लंबी और खुली सीमा तथा गोल्डन ट्राएंगल क्षेत्र के नजदीक होने के कारण नशीले पदार्थों की तस्करी के प्रमुख रास्ते बने हुए हैं। दोनों राज्य म्यांमार के साथ करीब 910 किलोमीटर लंबी बिना बाड़ वाली सीमा साझा करते हैं।
Updated on:
20 Sept 2026 03:23 pm
Published on:
20 Sept 2026 03:10 pm
