
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके (Photo- ANI)
Government-CJP Talks: नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन 35वें दिन भी जारी है। CJP ने शुक्रवार को एक बार फिर दोहराया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक उसका प्रदर्शन जारी रहेगा। इसी बीच, CJP के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट ने मोदी सरकार के साथ आज दोपहर 12ः30 बजे होने वाली संभावित वार्ता को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है।
दरअसल, मोदी सरकार से आज होने वाली वार्ता से पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट 'एक्स' पर लिखा, 'पहले इस्तीफा फिर वार्ता'। इस पोस्ट के बाद वार्ता को लेकर संशय पैदा हो गया है।
इससे पहले कहा गया था कि CJP प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे केंद्रीय मंत्रियों से NEET-UG 2026 पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार पर चर्चा करने वाला है। CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने गुरुवार को कहा था कि सरकार ने तटस्थ स्थान पर बातचीत के उनके प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
सौरव दास ने कहा था, 'कल (शुक्रवार) चर्चा के लिए बुलाया गया है। हमें खुशी है कि सरकार ने हमारी इस मांग को स्वीकार कर लिया कि बातचीत किसी तटस्थ स्थान पर हो। इसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है।' केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी वार्ता को लेकर कहा था कि सरकार किसी भी मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है और वह प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं बना रही है।
सीजेपी के एक्स पर पोस्ट के बाद संसद परिसर में विपक्ष ने प्रदर्शन किया। विपक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है।
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। संसद के मकर द्वार पर विपक्षी सांसदों ने तख्तियां और बैनर लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कई सांसदों ने कथित पेपर लीक मामले को लेकर धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग वाले नारे लिखी तख्तियां लहराईं।
यह प्रदर्शन गुरुवार को एनडीए और INDIA गठबंधन के सांसदों के बीच हुए आमने-सामने के विरोध प्रदर्शन के बाद हो रहा। दोनों पक्षों ने मकर द्वार पर एक साथ प्रदर्शन किया था। विपक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है, जबकि एनडीए का आरोप है कि विपक्ष जानबूझकर इस मुद्दे पर संसद में चर्चा नहीं होने दे रहा है।
Updated on:
24 Jul 2026 11:17 am
Published on:
24 Jul 2026 10:57 am
