
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-भारत के कई राज्यों में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट। (File Photo- IANS)
Heavy Rain In India: देश के उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले दो दिन तक कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए 20 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार 11 जून से मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने वाली है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली में बवंडर (डस्ट स्टॉर्म) और थंडरस्क्वॉल की आशंका जताई गई है। राजस्थान में धूल भरी आंधी (रेतीला तूफान) उठने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और यातायात प्रभावित होगा।]
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है और आगामी कुछ दिनों में राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत उत्तरी राज्यों तक पहुंचेगा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा मजबूत पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहे मानसून के लिए अनुकूल है। इस इंटरैक्शन से उत्तर भारत में मानसून की प्रगति तेज हो सकती है। इधर, प्री-मानसून की भारी बारिश के कारण नवी मुंबई के पावने क्षेत्र में लैंडस्लाइड से 5 कारें मलबे में दब गईं। पूर्वी भारत, केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने असम के कई जिलों में अगले सात दिन आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई। इस दौरान कई जिलों में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश संभव है। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी की गई चेतावनी के मुताबिक, 10 से 16 जून के बीच राज्य के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भागों में प्रतिकूल मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
चेन्नई में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने दक्षिण भारत में निम्न दबाव वाले सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। तमिलनाडु के तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों के पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, साथ ही बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।आने वाले दिनों में पश्चिमी और उत्तरी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज होने की उम्मीद है।
Updated on:
11 Jun 2026 12:31 am
Published on:
11 Jun 2026 12:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
