
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Photo-IANS)
Rahul Gandhi attacks Amit Shah over Anti Paper Leak Bill: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर बुधवार को चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पेपर तैयार करने से लेकर उसे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और उत्तर पुस्तिकाओं की जांच तक की पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने छात्रों पर कार्रवाई की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि छात्रों पर पैलेट गन चलाने और गोली चलाने का आदेश दिया गया। राहुल गांधी ने कहा, 'आप छात्रों को गोली मारते हैं। गृह मंत्री में इतना साहस भी नहीं है कि यहां आकर बैठें।'
राहुल गांधी के आरोपों के बाद लोकसभा में हंगामा शुरू हो गया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने बेहद गंभीर और गलत आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'वे इस तरह की बात नहीं कह सकते। किस आधार पर उन्होंने यह आरोप लगाया? उन्हें फायरिंग की जानकारी कहां से मिली?' सत्ता पक्ष के सांसदों ने राहुल गांधी से माफी की मांग की, जबकि विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
राहुल गांधी के आरोपों पर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर कोई गंभीर आरोप लगाया है, तो सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इस पर स्पष्ट जवाब दे। उन्होंने कहा, 'सरकार बताए कि किसके आदेश पर पुलिस ने छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार किया।'
इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'यह अलग बात है कि जांच की मांग की जाए, लेकिन राहुल गांधी ने सीधे केंद्रीय गृह मंत्री का नाम लेकर आरोप लगाया है। यह बेहद गंभीर मामला है। इसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी।'
किरेन रिजिजू की आपत्ति के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राहुल गांधी से कहा, 'राहुल जी, आप बिल पर बोलिए। जांच की मांग कर सकते हैं, लेकिन इस तरह के आरोप न लगाएं।'
इस पर राहुल गांधी ने कहा, ' जब किसी आतंकी को गोली मारी जाती है…' तभी किरेन रिजिजू ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा, 'आपने गृह मंत्री का नाम लेकर जो शब्द इस्तेमाल किए हैं, उसके लिए आपको माफी मांगनी होगी। कल कोई भी सदस्य उठकर कुछ भी कह देगा। आपको यह जानकारी कैसे मिली? आप किस आधार पर ऐसा आरोप लगा रहे हैं? इस तरह की बातें नहीं कही जा सकतीं।' इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2:30 बजे तक स्थगित कर दी गई।
Updated on:
29 Jul 2026 02:42 pm
Published on:
29 Jul 2026 02:34 pm
