30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Punjab Paper Leak: ‘एक नंबर की झूठी सरकार’, सांसद हरसिमरत कौर ने भगवंत मान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Harsimrat Kaur: शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर पेपर लीक के मामलों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में राज्य में 12 पेपर लीक हुए हैं और इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
2 min read
Google source verification
MP Harsimrat Kaur

सांसद हरसिमरत कौर। फोटो एएनआई

नई दिल्ली। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने गुरुवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में 12 पेपर लीक हो चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया इसे मानने के लिए तैयार नहीं हैं।

भगवंत मान का ट्वीट याद दिलाया

हरसिमरत कौर ने कहा कि उनके पास वर्ष 2023 का भगवंत मान का एक ट्वीट है, जिसमें उन्होंने खुद टीईटी परीक्षा का पेपर लीक होने की बात स्वीकार की थी। उन्होंने कहा कि उस समय दो प्रोफेसरों को हटाने की बात भी कही गई थी ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान अरविंद केजरीवाल भी उनके साथ मौजूद थे और इसका वीडियो भी उपलब्ध है।

सख्त कार्रवाई की मांग

उन्होंने कहा कि उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हरसिमरत कौर ने आरोप लगाया कि पंजाब में पेपर लीक को एक धंधा बना दिया गया है। उनके अनुसार, पैसे लेकर पेपर लीक किए जाते हैं और बाद में उसे नकल या चीटिंग का मामला बताकर दबाने की कोशिश की जाती है। सांसद ने पंजाब सरकार को निशाने पर लेते हुए उसे "एक नंबर की झूठी सरकार" बताया और कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मामलों पर भी सच छिपा रही है।

आप के दफ्तर का घेराव

वहीं दूसरी तरफ दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में हुए पेपर लीक मामले को लेकर यहां आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां दीं। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंजाब के शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस की बर्खास्तगी की मांग को लेकर यहां के कैनिंग लेन स्थित आप के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लकर मंदिर मार्ग थाने गयी, जहां से उन्हें एक घंटे बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

प्रदर्शन में सांसद योगेन्द्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज और स्वाति मालीवाल, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, योगिता सिंह और मोहनलाल गिहारा, प्रदेश पदाधिकारी प्रवीण शंकर कपूर, राजेश भाटिया, विजय सोलंकी, सुनील यादव, कैलाश जैन, विक्रम बिधूड़ी, गौरव खारी, डॉ. अनिल गुप्ता, सोना कुमारी, सारिका जैन, कौशल मिश्रा, ऋचा पांडेय, कृष्ण देव सिंह सिंह, अभिषेक टंडन, सरदार गुरमीत सिंह सूरा, प्रवीणा शर्मा, अर्चना गुप्ता और शुभेन्दू शेखर अवस्थी सहित कई नेता मौजूद थे।