
मंत्री ने निकाला 700 गाड़ीया का काफिला
BJP Leader 700 Cars Convoy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच देश से पेट्रोल-डीजल बचाने और सादगी की भावुक अपील कर रहे थे, लेकिन ठीक उसी वक्त मध्य प्रदेश में उनकी ही पार्टी के नेता 700 गाड़ियों के काफिले से धुआं उड़ाकर मोदी की साख को चुनौती दे रहे थे। पीएम मोदी ने तेलंगाना की रैली में बहुत गंभीरता से कहा था कि दुनिया में युद्ध के हालात हैं, इसलिए भारतीय नागरिक पेट्रोल-डीजल बचाएं, कारपूलिंग करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाएं। लेकिन मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नए अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर को शायद यह सुनाई नहीं दिया।
सौभाग्य सिंह उज्जैन से भोपाल तक गाड़ियों का ऐसा काफिला लेकर निकले कि देखने वाले दंग रह गए। एक तरफ पीएम तेल बचाने की बात कर रहे थे, दूसरी तरफ नेताजी का 700 गाड़ियों का नॉनस्टॉप शक्ति प्रदर्शन हाईवे पर धूल उड़ा रहा था। इस दौरान भोपाल की सड़कों पर लोग घंटों जाम में फंसे रहे। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा, 'क्या सारे नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं, बीजेपी नेताओं मुख्यमंत्री से अपील कीजिए।'
सोशल मीडिया पर जैसे ही इन गाड़ियों के वीडियो वायरल हुए, लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। यूजर्स ने तीखे सवाल किए कि क्या तेल बचाने की जिम्मेदारी सिर्फ आम आदमी की है? उधर, पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी का भी एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उनका काफिला आधे हाईवे को घेरे हुए था। ये तस्वीरें उस वक्त आईं जब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल खुद नेताओं को सादगी की समझाइश दे रहे थे।
विपक्ष ने इस मुद्दे को हाथों-हाथ लिया और बीजेपी की घेराबंदी शुरू कर दी। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा 'BJP नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष बने। फिर क्या.. भौकाल जमाने के लिए सौभाग्य सिंह ने उज्जैन से भोपाल तक गाड़ियों का लंबा काफिला निकाल दिया। एक तरफ नरेंद्र मोदी देश को पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने का ज्ञान देते हैं, दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेता अपील की धज्जियां उड़ाते हैं। ये दिखाता है कि नरेंद्र मोदी को सारा त्याग जनता से ही चाहिए। बाकी सत्ता में बैठे लोग मौज मारें.. इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता।'
हरियाणा कांग्रेस के महासचिव विकास बंसल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि डिलीट होने से पहले एक नजर डाल लीजिए कि कैसे प्रधानमंत्री की अपील पर उनके ही नेता धूल उड़ा रहे हैं।
x यूजर मूर्ति नैन ने कहा मोदी जी, कृपया अभी इस्तीफा दे दीजिए… भाजपा नेता भी अब आपका सम्मान नहीं करते। प्रधानमंत्री लोगों से तेल बचाने की अपील कर रहे हैं, मध्य प्रदेश भाजपा नेता सौभाग्य सिंह 200 वाहनों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे। मोदी जी, आपके शब्दों का अब कोई महत्व नहीं रह गया है।
यूजर ने लिखा एक-दो-तीन-चार-पांच नहीं… गिन सकते हो तो गिन लो। नेता सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ उज्जैन से भोपाल पहुंचे हैं। यह काफिला प्रधानमंत्री के काफिले से भी बड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील कर रहे हैं। सोना मत खरीदो। यहां नेता मौजूद हैं।
यूजर ने लिखा मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम का अध्यक्ष बनने के बाद सौभाग्य सिंह का 700 गाड़ियों का काफिला.. उज्जैन से लेकर भोपाल के रास्ते… क्योंकि भौकाल बना रहे
हैरानी की बात यह है कि जहां एक तरफ मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने संकल्प लेकर ई-बाइक की सवारी शुरू की, वहीं दूसरी तरफ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष ने पदभार ग्रहण करने से पहले करोड़ों का तेल फूंक दिया। फिलहाल बीजेपी बैकफुट पर है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को अब कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से फिर से अपील करनी पड़ रही है कि वे जनता के बीच गलत मिसाल न पेश करें। लेकिन सवाल वही है, जब अपने ही नहीं सुन रहे, तो जनता से उम्मीद क्यों?
Published on:
13 May 2026 04:48 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
