
नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में पीएम मोदी। (Photo- IANS)
NITI Aayog Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया इस समय अनिश्चितता और अस्थिरता के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। गुरुवार को नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य हासिल करने के लिए केंद्र और राज्यों की सामूहिक जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। सहकारी संघवाद पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों के बीच सहयोग, संवाद और श्रेष्ठ अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच बनने में नीति आयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बैठक में कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सीएम-डिप्टी सीएम और उपराज्यपाल शामिल हुए। इस वर्ष बैठक की थीम 'विकसित भारत@2047 के लिए समावेशी मानव विकास' रखी गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का जनसांख्यिकीय लाभांश एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसे गंवाया नहीं जा सकता। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मांग आधारित कौशल विकास और रोजगार सृजन के जरिए युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सशक्त युवा ही विकसित भारत की यात्रा के प्रमुख वाहक होंगे। प्रधानमंत्री ने महिला-नेतृत्व वाले विकास को विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए कहा कि खेती, स्टार्टअप, विज्ञान और नवाचार सहित हर क्षेत्र में महिलाओं का योगदान बढ़ रहा है। राज्यों को भी शिक्षा, कौशल, सुरक्षा और सशक्तीकरण के माध्यम से महिलाओं की क्षमता का अधिकतम उपयोग करना चाहिए।
नीति आयोग की बैठक में विभिन्न राज्यों ने अपने-अपने विकास एजेंडे प्रस्तुत किए। आंध्र प्रदेश ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और औद्योगिक निवेश, महाराष्ट्र ने शहरी परिवहन एवं आर्थिक विकास, पूर्वोत्तर राज्यों ने कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स, जबकि कई अन्य राज्यों ने कौशल विकास, रोजगार सृजन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण से जुड़े मुद्दे उठाए। राज्यों ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय तथा वित्तीय सहयोग पर भी जोर दिया।
कर्नाटक के डी.के. शिवकुमार, तमिलनाडु के सी. जोसेफ विजय, केरल के वी.डी. सतीशन और पश्चिम बंगाल के सुवेंदु अधिकारी ने पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में भाग लिया। चारों नेताओं ने अपने राज्यों की विकास प्राथमिकताओं, निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन, मानव विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े विषयों पर विचार रखे।
Updated on:
12 Jun 2026 02:35 am
Published on:
12 Jun 2026 02:35 am
