
यूक्रेनी हमले के बाद ईरान की चेतावनी (फोटो- Sputnik एक्स पोस्ट)
Middle East Crisis: कैस्पियन सागर में एक ईरानी कारोबारी जहाज पर हुए हमले के बाद ईरान और यूक्रेन के बीच तनाव और बढ़ गया है। ईरान ने इस घटना को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कहा कि इस हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा और इसे नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक ईरानी कारोबारी जहाज को निशाना बनाया, जिसमें एक नाविक की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन है। अराघची ने यूरोपीय संघ (EU) की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी इस मामले पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोनों नेताओं को साफ बता दिया है कि इस घटना का जवाब जरूर दिया जाएगा।
ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, शनिवार सुबह हुए हमले के बाद जहाज में जोरदार विस्फोट हुआ। इस घटना में एक नाविक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। मंत्रालय ने यूक्रेन के हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे दुश्मनी भरा और आपराधिक कदम बताया। इसके बाद ईरान ने यूक्रेन के प्रभारी राजनयिक को तलब कर आधिकारिक विरोध दर्ज कराया। साथ ही ईरान ने यह भी कहा कि उसने कभी रूस-यूक्रेन युद्ध में सीधे तौर पर हिस्सा नहीं लिया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेन ने कैस्पियन सागर में लंबी दूरी से हमले किए हैं। वहीं यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने कहा कि ड्रोन हमले उन मालवाहक जहाजों पर किए गए जो अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के दायरे में थे और जिनका इस्तेमाल ईरान और रूस के बीच सैन्य सामान पहुंचाने के लिए किया जा रहा था। इसी दावे के बाद दोनों देशों के बीच बयानबाजी और तेज हो गई है।
Updated on:
27 Jul 2026 07:28 am
Published on:
27 Jul 2026 06:56 am
