
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में पीएम मोदी ने लिया भाग (Photo-IANS)
PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में मंगलवार को विपक्ष के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने सीजफायर से लेकर PoK वापस न लेने जैसे सवालों का जवाब दिया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने पाकिस्तान की बखिया उधेड़कर रख दी। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी जमकर घेरा। तो आइएं जानते है लोकसभा में पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें…
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा मैंने पहले भी कहा है कि भारत युद्ध का नहीं 'बुद्ध' का देश है। हम समृद्धि और शांति चाहते हैं। लेकिन हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि समृद्धि और शांति का रास्ता ताकत से होकर गुजरता है।
लोकसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि दुनिया के किसी भी नेता ने भारत से अपना ऑपरेशन रोकने को नहीं कहा। 9 मई की रात को अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने मुझसे बात करने की कोशिश की। उन्होंने एक घंटे तक कोशिश की, लेकिन मैं अपनी सेना के साथ बैठक में था, इसलिए मैं उनका फोन नहीं उठा सका। बाद में मैंने उन्हें वापस कॉल किया। अमेरिका के उपराष्ट्रपति ने मुझे फोन पर बताया कि पाकिस्तान एक बड़ा हमला करने वाला है। मेरा जवाब था कि अगर पाकिस्तान का ये इरादा है, तो उसे बहुत महंगा पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कल हमारे सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव चलाकर पहलगाम के हमलावरों को अंजाम तक पहुंचाया,लेकिन कल यहां पूछा गया कि आज ही क्यों हुआ, क्या ऑपरेशन के लिए सावन महीने का सोमवार ढूंढा गया था। पिछले कई सप्ताह से पूछा जा रहा था कि पहलगाम के आतंकियों का क्या हुआ और जब आतंकियों को मार गिराया गया तो कल ही क्यों हुआ? क्या हाल है इन लोगों का?
पीएम मोदी ने कहा सेना का विरोध करना और उनके प्रति नकारात्मकता कांग्रेस का पुराना रवैया रहा है। अभी देश ने कारगिल विजय दिवस मनाया, लेकिन देश जानता है कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में और आज तक न तो कारगिल की विजय को अपनाया है, न ही कारगिल विजय दिवस मनाया है और न ही कारगिल का गौरव किया है। पाकिस्तान के सभी बयानों और यहां हमारा विरोध करने वालों के बयानों को उठा लीजिए, वे पूर्ण विराम और अल्पविराम के साथ बिल्कुल एक जैसे हैं। देश हैरान है कि कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी है। वे इस बात का सबूत मांगने की हिम्मत करते हैं कि पहलगाम के हमलावर पाकिस्तान से थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा देश हैरान है कि कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी है। वे कह रहे हैं कि पहलगाम के आतंकवादी पाकिस्तान से थे। हमें इसका सबूत दीजिए। पाकिस्तान भी वही मांग कर रहा है जो कांग्रेस कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवादी रो रहे हैं, उनके आका रो रहे हैं और उन्हें रोता देख, यहां भी कुछ लोग रो रहे हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान एक खेल खेलने की कोशिश की, वह काम नहीं आया। एयर स्ट्राइक के दौरान, उन्होंने एक और खेल खेलने की कोशिश की। वह भी काम नहीं आया। जब ऑपरेशन सिंदूर हुआ, तो उन्होंने एक नई रणनीति अपनाई - "आपने रुक क्यों दिया?"...वाह रे बयान बहादुरों! आपको विरोध करने के लिए कोई न कोई बहाना चाहिए इसलिए सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि पूरा देश आप पर हंस रहा है।
पीएम मोदी ने कहा 10 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत हो रहे एक्शन को रोकने की घोषणा की, इसे लेकर यहां भांति भांति की बातें की गईं। ये वहीं प्रोपेगेंडा है जो सीमा पार से यहां फैलाया गया है। कुछ लोग सेना द्वारा दिए गए तथ्यों की जगह पाकिस्तान के झूठे प्रचार को आगे बढ़ाने में जुटे हुए थे, जबकि भारत का रूख हमेशा स्पष्ट रहा है।
लोकसभा में पीएम मोदी ने पीओके को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सवाल कर रहे हैं कि PoK को वापस क्यों नहीं लिया। किसकी सरकार में पाकिस्तान को पीओके पर कब्जा करने का अवसर मिला। जवाब साफ है। कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से हमेशा समझौता किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा भारत की विदेश नीति पर यहां बहुत कुछ कहा गया। वैश्विक समर्थन पर भी चर्चा हुई। हमें वैश्विक समर्थन मिला। लेकिन दुर्भाग्य से, मेरे देश के वीर जवानों के पराक्रम को कांग्रेस का समर्थन नहीं मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से यह स्पष्ट होता है कि भारत ने तीन बिंदुओं पर निर्णय ले लिया है। पहला- यदि भारत पर कोई आतंकवादी हमला होता है, तो हम अपने तरीके से, अपनी शर्तों पर और अपने समय पर जवाब देंगे। दूसरा- अब कोई परमाणु ब्लैकमेल काम नहीं करेगा। तीसरा- हम आतंकवाद का समर्थन करने वाली सरकारों और आतंकवाद के मास्टरमाइंड को अलग-अलग नहीं देखेंगे।
Updated on:
30 Jul 2025, 2:16 PM IST
Published on:
29 Jul 2025, 9:46 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.